सीतापुर में एक कार, 177 तोते और कई राज्यों तक फैला तस्करी का जाल… STF ने ऐसे किया खुलासा

उत्तर प्रदेश STF ने सीतापुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए 177 प्रतिबंधित रोज़-रिंग्ड पैराकीट (तोते) के साथ एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में कई राज्यों तक फैले वन्यजीव तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 31 May 2026, 3:57 PM IST

Sitapur: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से रोज़-रिंग्ड पैराकीट (तोता) प्रजाति के 177 प्रतिबंधित और संरक्षित पक्षी बरामद किए गए हैं। STF की इस कार्रवाई को वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

सीतापुर में हुई गिरफ्तारी

STF को सूचना मिली थी कि एक तस्कर प्रतिबंधित प्रजाति के तोतों को वाहन के जरिए लखनऊ की ओर लेकर जा रहा है। सूचना के आधार पर STF ने वन विभाग की टीम के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए सीतापुर जिले के खैराबाद टोल प्लाजा के पास घेराबंदी की। 31 मई 2026 को सुबह करीब 4:30 बजे की गई कार्रवाई में एक संदिग्ध वाहन को रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन से बड़ी संख्या में जीवित तोते बरामद हुए। मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

सीतापुर में दिल दहला देने वाली वारदात, गर्भवती पत्नी की हत्या के बाद पति ने लगाई फांसी

कौन है गिरफ्तार आरोपी

गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजन पुत्र रामचंद्र निवासी बेलपुरवा, थाना शारदानगर, जिला लखीमपुर खीरी के रूप में हुई है। STF की पूछताछ में आरोपी ने कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं।

क्या-क्या हुआ बरामद

कार्रवाई के दौरान STF ने आरोपी के कब्जे से 177 रोज़-रिंग्ड पैराकीट (तोते), दो पिंजरे, एक प्लास्टिक का थैला, एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार और एक मोबाइल फोन बरामद किया।

सीतापुर में पत्नी के प्रेमी की पीट-पीटकर मौत, आपत्तिजनक हालत में पकड़ने पर बवाल

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एक ऐसे गिरोह का हिस्सा है जो प्रतिबंधित और संरक्षित पक्षियों तथा वन्यजीवों की तस्करी करता है। आरोपी के अनुसार, इन तोतों को लखीमपुर खीरी के जंगलों से पकड़कर बिहार, पश्चिम बंगाल, दिल्ली और अन्य राज्यों में ऊंचे दामों पर सप्लाई किया जाता था।

वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत मुकदमा दर्ज

मामले में खैराबाद थाना, जनपद सीतापुर में वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 (संशोधित 2022) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है और आगे की जांच स्थानीय पुलिस तथा संबंधित विभागों द्वारा की जा रही है।

Location :  Sitapur

Published :  31 May 2026, 3:57 PM IST