मिर्जापुर से मुगलसराय तक फैला गांजा नेटवर्क बेनकाब, STF ने पकड़ा बड़ा सप्लायर

उत्तर प्रदेश STF ने मुगलसराय में बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 360 किलो गांजा बरामद हुआ है। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 90 लाख रुपये बताई जा रही है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 12 June 2026, 11:17 PM IST

Lucknow : उत्तर प्रदेश में नशे के कारोबार के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को बड़ी सफलता मिली है। मुगलसराय में STF ने एक ऐसे तस्कर को गिरफ्तार किया है जो लंबे समय से अंतरराज्यीय स्तर पर गांजे की तस्करी के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। आरोपी के कब्जे से 360 किलो गांजा बरामद किया गया है। जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 90 लाख रुपये आंकी जा रही है। इतनी बड़ी मात्रा में गांजे की बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियां भी सतर्क हो गई हैं।

गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल

STF को सूचना मिली थी कि मिर्जापुर क्षेत्र से एक व्यक्ति भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर मुगलसराय पहुंचने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए STF मुख्यालय लखनऊ के निर्देश पर टीम सक्रिय हुई और मुगलसराय थाना क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई। कई घंटों की घेराबंदी और निगरानी के बाद संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान उसके पास से 360 किलो गांजा बरामद हुआ। मौके पर ही आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई। कार्रवाई के दौरान STF ने एक मोबाइल फोन, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड और अन्य दस्तावेज भी बरामद किए हैं।

लखनऊ में अचानक क्यों बढ़ी हलचल? ‘कॉकरोच पार्टी’ को धरना की मंजूरी, पुणे से पहुंचा अध्यक्ष अभिजीत दीपके

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अभिमन्यु के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने बताया कि वह पहले एक निजी बस में चालक के रूप में काम करता था। इसी दौरान उसकी पहचान कुछ ऐसे लोगों से हुई जो मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल थे। धीरे-धीरे वह खुद भी इस अवैध कारोबार का हिस्सा बन गया।

आरोपी ने खुलासा किया कि वह उड़ीसा से गांजा मंगवाकर उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में सप्लाई करता था। इस काम के बदले उसे प्रति खेप लगभग 50 हजार रुपये का कमीशन मिलता था। STF अब उसके द्वारा बताए गए अन्य तस्करों और सप्लाई चेन की जानकारी जुटाने में लगी है।

आगे की कार्रवाई जारी

STF अधिकारियों के मुताबिक आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बरामद गांजे को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Location :  Mirzapur

Published :  12 June 2026, 11:17 PM IST