“पुलिस अंकल! जैसे मेरी मम्मी की हत्या हुई, वैसे ही मेरी मम्मी के प्रेमी के साथ हो”…बुलंदशहर हत्याकांड में बेटियों का दर्द छलका

बुलंदशहर के खुर्जा में प्रेमी पर महिला की बेरहमी से हत्या का आरोप लगा है। शादी से इनकार से नाराज आरोपी ने चाकू से हमला किया। पोस्टमॉर्टम में 17 गहरे घाव मिले हैं। मृतका की बेटियों ने आरोपी के लिए सख्त सजा की मांग की है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 13 August 2026, 9:31 PM IST

Bulandshahr: बुलंदशहर में एक खौफनाक हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। एक प्रेम संबंध का अंत इतनी बेरहमी से हुआ कि सुनने वालों की रूह कांप उठी। शादी से इनकार करने से नाराज प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। आरोप है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी काफी देर तक शव के पास बैठा रहा और गुस्से में यही कहता रहा कि “अब शादी करोगी?” यह मामला खुर्जा कोतवाली क्षेत्र का है, जहां 11 अगस्त की रात 38 वर्षीय बेबी की हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद मृतका की 4 बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां की बेरहमी से हत्या के बाद बेटियों ने आरोपी के लिए सख्त सजा की मांग की है।

डेढ़ साल से चल रहा था प्रेम संबंध

दिल्ली के प्रेमनगर की रहने वाली बेबी की करीब 15 साल पहले बुलंदशहर निवासी पंकज से शादी हुई थी। दोनों के चार बच्चे हैं, जिनकी उम्र 8 से 13 साल के बीच बताई जा रही है। परिवार खुर्जा की शिवलोक कॉलोनी में रहता था। इसी इलाके में रहने वाला अजीत ठेकेदार नाम का व्यक्ति बर्तन बनाने वाली फैक्ट्री में काम करता था। पुलिस जांच में सामने आया है कि अजीत और बेबी के बीच करीब डेढ़ साल से संबंध थे। बताया जा रहा है कि अजीत बेबी से शादी करना चाहता था, लेकिन बेबी इसके लिए तैयार नहीं थी। धीरे-धीरे उसने अजीत से दूरी बनानी शुरू कर दी, जिससे नाराज होकर आरोपी ने हत्या की साजिश रची।

कमरे में मिला खून से सना शव

घटना वाली रात पड़ोसियों ने अजीत के कमरे से तेज आवाजें सुनी। शक होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा खुलवाया। अंदर का नजारा देखकर हर कोई सन्न रह गया। फर्श पर बेबी खून से लथपथ पड़ी थी और अजीत उसके पास बैठा हुआ था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के हाथ में चाकू था। हैरानी की बात यह रही कि पुलिस पहुंचने के बाद भी उसके चेहरे पर कोई डर या पछतावा नजर नहीं आया। घायल अवस्था में बेबी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

बेटियों ने बताई आखिरी मुलाकात की कहानी

बेबी की बड़ी बेटी ने बताया कि घटना वाली शाम उसकी मां के फोन पर अजीत का कॉल आया था। मां घर से निकलते समय बोली थी कि वह थोड़ी देर में वापस आ जाएंगी। उनका भाई भी मां के साथ गया था, लेकिन कुछ देर बाद वह अकेला लौट आया। बेटी ने बताया कि अजीत ने उसके भाई को रास्ते से वापस भेज दिया था। इसके बाद मां रात तक घर नहीं लौटी। बच्चों ने बताया कि पिता के घर आने के बाद उन्होंने कई बार मां को फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। बाद में फोन बंद हो गया।

पोस्टमॉर्टम में मिले 17 गहरे घाव

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में बेबी के शरीर पर 17 गहरे चोट के निशान मिले हैं। रिपोर्ट के अनुसार, सबसे ज्यादा वार सीने के बाईं तरफ किए गए, जिससे उनका हार्ट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। शव मिलने के बाद परिवार वालों में गुस्सा फैल गया। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए दिल्ली-अलीगढ़ हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। परिवार की मांग थी कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। करीब एक घंटे तक हाईवे पर प्रदर्शन चला। पुलिस अधिकारियों के समझाने के बाद परिजन शांत हुए और शव को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया।

परिवार ने मांगी सख्त सजा

बेबी की बहन परवीन ने कहा कि जिस तरह उनकी बहन को मारा गया, आरोपी को भी कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने सरकार से मांग की कि आरोपी के खिलाफ ऐसी कार्रवाई हो जिससे भविष्य में कोई इस तरह की वारदात करने की हिम्मत न करे। चार मासूम बच्चों के सिर से मां का साया छिन गया है। अब परिवार न्याय की मांग कर रहा है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Location :  Bulandshahar

Published :  13 August 2026, 9:31 PM IST