
योगी आदित्यनाथ और विधायक रहे अनिल शर्मा (Image: Social Media)
Bulandshahr News: उत्तर प्रदेश की राजनीति से बुधवार को दुखद खबर सामने आई। बुलंदशहर के शिकारपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक अनिल शर्मा का निधन हो गया। उन्होंने दिल्ली के एक प्राइवेट अस्पताल में दोपहर अंतिम सांस ली। वह पिछले कई वर्षों से कैंसर की बीमारी से जूझ रहे थे। 63 वर्षीय अनिल शर्मा लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे थे। इलाज के दौरान दिल्ली के अस्पताल में उनका निधन हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक के बेटे कुश शर्मा से फोन पर बातचीत कर संवेदना व्यक्त की।
सीएम योगी ने कहा कि इस दुख की घड़ी में सरकार और संगठन उनके परिवार के साथ है। उन्होंने परिवार से अंतिम संस्कार को लेकर भी जानकारी ली। बेटे कुश शर्मा ने बताया कि अस्पताल से डिस्चार्ज की प्रक्रिया पूरी की जा रही है और अंतिम संस्कार अगले दिन किया जाएगा।
बुलंदशहर के सुरजावली गांव निवासी अनिल शर्मा ने अपनी राजनीतिक यात्रा गांव की राजनीति से शुरू की थी। वह निर्विरोध ग्राम प्रधान चुने गए थे। इसके बाद उन्होंने विधानसभा की राजनीति में कदम रखा। साल 2002 में वह पहली बार खुर्जा विधानसभा सीट से बसपा के टिकट पर विधायक बने। इसके बाद 2007 में उन्होंने लगातार दूसरी बार खुर्जा सीट से जीत दर्ज की। साल 2012 में वह शिकारपुर विधानसभा सीट से चुनाव हार गए थे। इसके बाद उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया।
साल 2017 के विधानसभा चुनाव में अनिल शर्मा भाजपा के टिकट पर शिकारपुर सीट से विधायक चुने गए। इसके बाद योगी आदित्यनाथ सरकार के पहले कार्यकाल में उन्हें वन एवं पर्यावरण राज्य मंत्री बनाया गया। 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने भाजपा के टिकट पर शिकारपुर सीट से दोबारा जीत दर्ज की और लगातार दूसरी बार विधायक बने।
अनिल शर्मा के निधन पर भाजपा समेत तमाम राजनीतिक दलों के नेताओं ने शोक जताया है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने उनके निधन को बेहद दुखद बताते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि अनिल शर्मा का निधन प्रदेश की राजनीति और सार्वजनिक जीवन के लिए अपूरणीय क्षति है। वहीं यूपी भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी उनके निधन पर दुख जताते हुए इसे पार्टी के लिए बड़ी क्षति बताया।
अनिल शर्मा के निधन के बाद उत्तर प्रदेश में अब छह विधानसभा सीटें खाली हो गई हैं। इनमें तीन सीटें समाजवादी पार्टी, दो भाजपा और एक सीट बसपा के खाते की हैं। इससे पहले बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह, आजमगढ़ के निजामाबाद से सपा विधायक आलमबदी आजमी, सोनभद्र की दुद्धी सीट से विजय सिंह गोंड और बरेली की फरीदपुर सीट से भाजपा विधायक प्रो. श्याम बिहारी लाल का निधन हो चुका है।
Location : Bulandshahr
Published : 3 September 2026, 12:18 AM IST