
4 साल की मासूम से दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद किया गिरफ्तार (फोटो: AI)
Budaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के अलापुर थाना क्षेत्र में 4 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी अबरार को पुलिस ने रविवार सुबह एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। इस जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है, जबकि पुलिस का एक दरोगा भी घायल हुआ है। अब आरोपी ने पुलिस पूछताछ में इस घटना को लेकर बड़ा खुलासा किया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से इलाके के लोगों में अब भी काफी गुस्सा है। लोग एनकाउंटर के बाद आरोपी के लिये फांसी देने की मांग कर रहे हैं।
यह शर्मनाक घटना 25 जून की रात की है। अलापुर इलाके के एक गांव में 4 साल की बच्ची अपने घर के बाहर खेल रही थी। तभी आरोपी अबरार वहां आया और बच्ची को बहला-फुसलाकर सुनसान खेतों की तरफ ले गया। वहां उसने मासूम के साथ हैवानियत की और मौके से भाग गया। बच्ची के गायब होने पर जब घरवालों ने तलाश शुरू की, तब मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
Budaun: 6 साल पहले सजाया था बेटी का घर, आज उसी घर से आई दर्दनाक खबर
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर अलापुर पुलिस, SOG और सर्विलांस टीम ने तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कुछ ही घंटों में बच्ची को खेतों से बेहद गंभीर हालत में बरामद कर अस्पताल भेजा गया। मेडिकल जांच में बच्ची के साथ दुष्कर्म की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया।
फरार आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस का सहारा लिया। जांच में आरोपी की पहचान अबरार के रूप में हुई। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी और इलाके में नाकाबंदी कर दी गई थी।
28 जून की सुबह पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी अबरार इसी इलाके में छिपा हुआ है। जब पुलिस ने उसे चारों तरफ से घेरा, तो आरोपी ने पुलिस टीम पर गोलियां चलाना शुरू कर दिया। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी अबरार के दोनों पैरों में गोली लगी। इस मुठभेड़ में अलापुर थाने के दरोगा गौरव कुमार भी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मुठभेड़ की जगह से पुलिस ने आरोपी के पास से एक .315 बोर का तमंचा, चार खाली कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पुलिस की पूछताछ में अबरार ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस ने वारदात के समय इस्तेमाल किया गया अंगोछा भी बरामद कर लिया है।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद से इलाके के लोगों में काफी गुस्सा था। लेकिन एसएसपी के नेतृत्व में पुलिस, SOG और सर्विलांस टीम ने तत्परता दिखाते हुए महज 72 घंटे के भीतर आरोपी को ढेर कर दबोच लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी का इलाज पूरा होते ही उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। घायल दरोगा गौरव कुमार की स्थिति अब खतरे से बाहर है।
Location : Budaun
Published : 28 June 2026, 5:54 PM IST