
कछला घाट हादसा, रोते बिलखते परिजन (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Budaun: बदायूं के कछला गंगा घाट पर दशहरे के पावन पर्व की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं जब गंगा स्नान के दौरान एक ही परिवार के छह सदस्य गहरे पानी में डूब गए। यह परिवार हाथरस जिले से गंगा स्नान के लिए उझानी कोतवाली क्षेत्र के कछला घाट पर आया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्नान के दौरान अचानक एक सदस्य का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के प्रयास में एक-एक कर कुल छह लोग तेज बहाव की चपेट में आ गए।
घटना के बाद घाट पर चीख-पुकार मच गई और वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी फैल गई। पर्व के उत्साह में डूबे श्रद्धालुओं की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। स्थानीय लोग और गोताखोर तुरंत बचाव कार्य में जुट गए।
Budaun: कच्छा-बनियान गिरोह का तांडव, परिवार को बंधक बनाकर लाखों की डकैती
स्थानीय गोताखोरों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत रेस्क्यू शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सभी घायलों का प्राथमिक उपचार कराया गया।
हालांकि, इस दर्दनाक हादसे में दो मासूम बच्चे गंगा की तेज धार में बह गए, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना मिलते ही उझानी कोतवाली पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। देर शाम तक चले अभियान में एक किशोर का शव बरामद कर लिया गया, जबकि एक किशोरी अभी भी लापता है।
अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद गोताखोर और प्रशासनिक टीमें नावों और जाल की मदद से लगातार तलाश में जुटी रहीं।
हादसे की सूचना मिलते ही परिवार के अन्य सदस्य और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। अपनों को खोने के गम में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घाट पर पूरी तरह से मातम का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दशहरे के कारण घाट पर भीड़ अधिक थी और उस समय गंगा का बहाव भी सामान्य से तेज था।
Budaun: गंगा एक्सप्रेसवे पर फर्जी टोल कटौती! घर में खड़ी कार से कटे इतने रुपये
उझानी कोतवाली प्रभारी ने बताया कि हाथरस से आया परिवार गंगा स्नान के दौरान हादसे का शिकार हुआ। चार लोगों को बचा लिया गया है और उनका उपचार चल रहा है। एक किशोर का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि एक किशोरी की तलाश जारी है।
Location : Budaun
Published : 25 May 2026, 2:30 PM IST