
तेज रफ्तार अर्टिगा टैक्सी पलटी (सोर्स- Pinterest)
Budaun: बदायूं में गंगा एक्सप्रेस-वे पर बुधवार तड़के करीब 3 बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। चैनल नंबर 175 के पास तेज रफ्तार अर्टिगा टैक्सी अचानक सामने आए कुत्ते को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर कई बार पलट गई। हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत सात लोग घायल हो गए। सभी यात्री नेपाल के रूपेडिया से चंडीगढ़ जा रहे थे।
जानकारी के मुताबिक टैक्सी संख्या CH02AA4318 में चालक समेत कुल नौ लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि गाड़ी गंगा एक्सप्रेस-वे पर बदायूं की ओर जा रही थी। इसी दौरान अचानक एक कुत्ता सामने आ गया। उसे बचाने के लिए चालक ने स्टीयरिंग मोड़ा, लेकिन तेज रफ्तार में वाहन का संतुलन बिगड़ गया। इसके बाद टैक्सी कई बार पलटती चली गई।
खजनी में गोलीकांड से मचा हड़कंप, कंबल कारखाना कर्मचारी के सीने में लगी गोली; हालत गंभीर
हादसा इतना भीषण था कि टैक्सी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस और 108 एंबुलेंस भी घटनास्थल पर पहुंचीं।
पुलिस के अनुसार हादसे में दीपना खात्री (32) पत्नी नेमबहादुर, निवासी ग्राम बेलवा, थाना तुलसीपुर, जिला डांग, नेपाल और विपना सुनमगर (32) पत्नी विशाल की मौत हुई है। विपना के परिजनों को अभी हादसे की सूचना नहीं दी जा सकी है। उनका शव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बजिरंगज में रखा गया है।
हादसे में चालक दीपक ओली (28) समेत पुष्पा (40), ज्ञान बहादुर मल्ल (22), यादव पोडे (22), दो वर्षीय विनोद, 10 वर्षीय सिमोन और करीब 22 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति घायल हुए हैं। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल बदायूं में भर्ती कराया गया। दोनों बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम और सीओ भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी। दुर्घटनाग्रस्त टैक्सी को गंगा एक्सप्रेस-वे के रेस्ट एरिया में खड़ा कराया गया है। मृतका विपना के परिजनों का पता लगाने के लिए नेपाल पुलिस से संपर्क किया जा रहा है।
इस हादसे ने गंगा एक्सप्रेस-वे पर रात के समय वाहनों के सामने अचानक जानवरों के आने की समस्या को फिर सामने ला दिया है। पुलिस ने वाहन चालकों से रात में गति नियंत्रित रखने और एक्सप्रेस-वे पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है।
Location : Budaun
Published : 19 August 2026, 9:22 AM IST