
दुर्घटनाग्रस्त कार
Budaun: बदायूं-शाहजहांपुर सीमा के पास गंगा एक्सप्रेसवे पर बुधवार रात भीषण सड़क हादसा हो गया। अयोध्या से दिल्ली जा रही एक स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में होटल कारोबारी अरविंद द्विवेदी और उनकी 15 वर्षीय बेटी आर्या की मौत हो गई, जबकि परिवार के चार अन्य सदस्य घायल हो गए। शुरुआती जांच में चालक को झपकी आने की आशंका जताई गई है।
जानकारी के मुताबिक, अयोध्या जिले के रौनाही थाना क्षेत्र के झामदुबे पुरवा गांव निवासी अरविंद द्विवेदी अपने परिवार के साथ स्कॉर्पियो से दिल्ली जा रहे थे। बुधवार दोपहर करीब तीन बजे परिवार ने यात्रा शुरू की थी। रात करीब 8:40 बजे गंगा एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर संख्या 227 के पास, गढ़िया रंगीन थाना क्षेत्र में उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।
टक्कर और पलटने के कारण गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास से गुजर रहे लोगों और मदद के लिए पहुंचे लोगों ने कार में फंसे घायलों को बाहर निकालने में सहायता की।
Budaun: रामलीला मेले में खूनी संघर्ष! दो पक्षों में जमकर चले लाठी-डंडे, मची अफरा-तफरी
इस हादसे में 15 वर्षीय आर्या द्विवेदी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल उनके पिता अरविंद द्विवेदी को इलाज के लिए बरेली ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उन्होंने भी दम तोड़ दिया। अरविंद की उम्र 48 वर्ष बताई गई है। वह अयोध्या और दिल्ली में होटल कारोबार से जुड़े थे।
हादसे में अरविंद की पत्नी रूपाली द्विवेदी, बेटे उत्कर्ष, बहन सुनीता और भांजी कलश भी घायल हुए हैं। रूपाली को दातागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जबकि उत्कर्ष, सुनीता और कलश को बरेली के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। पति और बेटी को खोने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
गंगा एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। शुरुआती जांच के आधार पर आशंका जताई गई कि वाहन चलाते समय चालक को नींद की झपकी आने से स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई और सड़क के किनारे जा गिरी।
हादसे के दौरान पीछे से एक निजी एंबुलेंस भी आ रही थी। उसके चालक ने कुछ घायलों को दातागंज सीएचसी पहुंचाया, जबकि अन्य घायलों को निजी कार से बरेली ले जाया गया।
दातागंज के क्षेत्राधिकारी अशेष नाथ सिंह ने हादसे की जानकारी मिलने की पुष्टि की। घटनास्थल गढ़िया रंगीन थाना क्षेत्र में होने के कारण संबंधित पुलिस को सूचना दी गई। हादसे के सटीक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
Location : Budaun
Published : 22 October 2026, 3:38 AM IST
Topics : Ayodhya Budaun Ganga Expressway Road Accident UP News