
बिसौली में एटीएम सुरक्षा पर उठे सवाल
Budaun : बदायूं के बिसौली में एटीएम से रुपये निकालने आए ग्राहकों को निशाना बनाने वाले शातिर ठगों के खिलाफ लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। बिसौली नगर के एक एटीएम पर कार्ड बदलकर ठगी करने आए युवक को स्थानीय लोगों ने रंगे हाथ पकड़कर जमकर धुनाई कर दी। बाद में पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
एक व्यक्ति एटीएम से रुपये निकालने पहुंचा था। इसी दौरान एक युवक ग्राहक बनकर उसके पास पहुंचा और मदद करने के बहाने बातों में उलझा लिया। पीड़ित कुछ समझ पाता इससे पहले ही आरोपी ने चालाकी से उसका एटीएम कार्ड बदल दिया और चुपके से असली कार्ड अपने पास रख लिया। कार्ड बदलने के बाद आरोपी वहां से निकलने लगा।
कार्ड बदलते ही पीड़ित को कुछ गड़बड़ का अहसास हुआ। उसने तुरंत शोर मचाते हुए आरोपी का पीछा किया और उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। "ठग-ठग" की आवाज सुनकर आसपास मौजूद दुकानदार और राहगीर भी मौके पर जुट गए। भीड़ ने आरोपी को घेरकर जमकर पिटाई कर दी। लोगों का गुस्सा इस कदर था कि पुलिस के पहुंचने तक आरोपी लहूलुहान हो चुका था।
सूचना पर बिसौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसके कुछ साथी भी उसके साथ थे, जो भीड़ जुटते ही मौके से फरार हो गए। पुलिस अब फरार साथियों की तलाश में जुट गई है और एटीएम के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। आरोपी से बरामद कार्डों की जांच भी की जा रही है ताकि पता चल सके कि उसने कितने लोगों को ठगा है।
घटना के बाद बिसौली क्षेत्र में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने पुलिस से एटीएम पर लगातार गश्त बढ़ाने और सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि एटीएम पर "मद" के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह सक्रिय हैं। पुलिस ने भी लोगों से अपील की है कि एटीएम पर किसी भी अंजान व्यक्ति से मदद न लें। पिन डालते समय कीपैड को हाथ या मोबाइल से ढकें और किसी को भी अपना कार्ड न दें। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Location : Budaun
Published : 7 June 2026, 1:51 PM IST