Budaun Accident: पिकअप से गिरकर युवक की मौत, दहेज का सामान लेकर चालक फरार

बदायूं के उसावां थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। बारात से लौटते समय दहेज का सामान लेकर आ रही पिकअप से गिरकर 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 28 April 2026, 12:35 PM IST

Budaun: उत्तर प्रदेश में बदायूं जिले के उसावां थाना क्षेत्र में म्याऊं और उसावां मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे परिवार में मातम का माहौल है। मृतक की पहचान राय सिंह पुत्र दयाराम निवासी ग्राम कैथोला, थाना कादरचौक, जिला बदायूं के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राय सिंह अपने परिवार की बारात से लौट रहा था और दहेज का सामान लेकर गांव वापस आ रहा था।

परिजनों के मुताबिक कैथोला गांव से एक बारात पटना गई थी। शादी संपन्न होने के बाद बारात लौट रही थी। दहेज में मिला सामान एक पिकअप वाहन में रखा गया था। राय सिंह भी उसी पिकअप में बैठकर गांव लौट रहा था। परिवार के लोग खुशी-खुशी वापस आ रहे थे, लेकिन रास्ते में एक हादसे ने सबकुछ बदल दिया।

अचानक कट मारने से बिगड़ा संतुलन

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार म्याऊं-उसावां मार्ग पर पिकअप वाहन तेज रफ्तार में चल रहा था। इसी दौरान चालक ने अचानक कट मार दिया। तेज झटके के कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया और पीछे बैठे राय सिंह पिकअप से उछलकर सड़क पर गिर पड़े। गिरने के दौरान उनके सिर में गंभीर चोट आई।

Jharkhand: लातेहार में एसपी ने आत्मसमर्पित नक्सलियों से किया सीधा संवाद, पुनर्वास योजनाओं की दी जानकारी

हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि राय सिंह सड़क पर गिरते ही गंभीर रूप से घायल हो गए थे और कुछ देर बाद अचेत हो गए। घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने उन्हें संभालने की कोशिश की, लेकिन हालत बेहद गंभीर थी।

सूचना मिलते ही उसावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को तत्काल जिला अस्पताल भेजा। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद राय सिंह को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई।

दहेज का सामान लेकर फरार हुआ चालक

हादसे के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया। परिजनों का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद पिकअप चालक दहेज का सामान लेकर मौके से फरार हो गया। परिवार का कहना है कि चालक ने घायल युवक की मदद करने के बजाय वाहन लेकर भागना बेहतर समझा।

Kanpur Dehat: खून से सना मकान, बीच कमरे में जवान का शव; झींझक की घटना से सनसनी

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उसावां थाना प्रभारी के अनुसार, चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और हादसे के बाद फरार होने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस टीम वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपी तक जल्द पहुंचा जा सके। इस हादसे ने एक परिवार की खुशियों को पलभर में मातम में बदल दिया। शादी से लौटते समय किसी ने नहीं सोचा था कि घर पहुंचने से पहले ही एक सदस्य हमेशा के लिए बिछड़ जाएगा।

Location :  Budaun

Published :  28 April 2026, 12:09 PM IST