Budaun Accident: तेज रफ्तार वाहन बना पति-पत्नी के लिए काल, परिवार में कोहराम

थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के भगवतीपुर गांव के पास एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 19 April 2026, 8:49 PM IST

Budaun: बदायूं के थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के भगवतीपुर गांव के पास एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक में पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

ऐसे हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सचिन (46) पुत्र राम चंद्र लाल मौर्य अपनी पत्नी शकुंतला (42) के साथ बाइक से बदायूं की तरफ से अपने गांव दिसौली गंज, कोतवाली बिसौली जा रहे थे। शाम के समय जैसे ही वे थाना सिविल लाइंस क्षेत्र के भगवतीपुर गांव के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों उछलकर सड़क पर जा गिरे और सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस की कार्रवाई

हादसे की सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया, लेकिन इमरजेंसी में तैनात डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। रविवार सुबह पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।

थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक दंपति दिसौली गंज, बिसौली के रहने वाले थे। सचिन खेती-किसानी का काम करते थे। परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों को सूचना दे दी गई है।

फरार हुआ वाहन चालक

टक्कर मारने के बाद अज्ञात वाहन का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि वाहन की पहचान की जा सके। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Location :  Budaun

Published :  19 April 2026, 8:49 PM IST