दीपावली से पहले चमका बदायूं का यह ग्रामीण क्षेत्र! 11 करोड़ के पावर हाउस से सुधरेगी बिजली

बदायूं के ग्राम अनुगुइया सल्लन नगर में करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से बने 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र और संबंधित बिजली लाइनों का लोकार्पण केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने किया। विधायक महेश चंद्र गुप्ता की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने परियोजना को क्षेत्र की बिजली व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया।

Post Published By: Prashant Sharma
Updated : 5 November 2026, 7:40 PM IST

Budaun: दीपावली के अवसर पर बदायूं विधानसभा क्षेत्र को बिजली व्यवस्था से जुड़ी बड़ी विकास परियोजना की सौगात मिली है। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की बिजनेस प्लान 2024-25 योजना के तहत तहसील बदायूं सदर के ग्राम अनुगुइया सल्लन नगर में नवनिर्मित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र और संबंधित विद्युत लाइनों का लोकार्पण किया गया। करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना का उद्घाटन केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता बदायूं सदर के विधायक एवं पूर्व राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने की।

2×5 एमवीए क्षमता का बनाया गया विद्युत उपकेंद्र

ग्राम अनुगुइया सल्लन नगर में बनाए गए इस विद्युत उपकेंद्र की क्षमता 2×5 एमवीए है। परियोजना के तहत 33 केवी और 11 केवी विद्युत लाइनों का निर्माण भी कराया गया है। इसके शुरू होने से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलने और बढ़ती विद्युत मांग को पूरा करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

ये भी पढ़े: बदायूं में चोरी के मामले में तीन महिलाओं समेत 4 पकड़े गए, 3.88 लाख रुपये बरामद

बिजली व्यवस्था होगी मजबूत (Img: Dynamite News)

व्यापारियों और ग्रामीण उपभोक्ताओं को मिलेगा लाभ

लोकार्पण कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। केंद्र सरकार का लक्ष्य गांवों और परिवारों तक बेहतर बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि बिजली किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला है। मजबूत विद्युत व्यवस्था से किसानों को खेती, युवाओं को शिक्षा, व्यापारियों को कारोबार और उद्योगों को आगे बढ़ने में सुविधा मिलती है।

उन्होंने कहा कि करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। सरकार योजनाओं को जमीन पर उतारकर लोगों तक उनका लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

बदायूं का सर्वांगीण विकास प्राथमिकता : महेश चंद्र गुप्ता

विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि बदायूं विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए बिजली, सड़क, जल निकासी, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने इस विद्युत परियोजना की सौगात देने के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा और प्रदेश सरकार का आभार जताया। विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास, सुशासन और जनकल्याण से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं। बदायूं विधानसभा को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास जारी हैं।

विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण (Img: Dynamite News)

ये भी पढ़े: Budaun News: दिवाली पर बदायूं को बड़ा तोहफा! 5 वार्डों में बनेंगी सड़कें, 90 LED लाइटों से जगमगाएंगे इलाके

लोकार्पण कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला महामंत्री एमपी सिंह राजपूत, चीनी मिल के उपाध्यक्ष सोबरन सिंह राजपूत, जिला मंत्री विश्वजीत गुप्ता, ब्लॉक प्रमुख वीरेंद्र राजपूत, ब्लॉक प्रमुख पति अनेकपाल सिंह, चेयरमैन पति अरविंद रावत, मंडल अध्यक्ष नोरंग पाल राजपूत, रामचरण पाल, राघव सिंह चौहान, धीरेन्द्र सिंह, अंकित शाक्य, मधुसूदन गुप्ता, आदेश शर्मा, पंकज गुप्ता, अनूप पटेल और आर्यद्र पटेल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इस विद्युत परियोजना के शुरू होने से बदायूं के ग्रामीण क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बेहतर होने और स्थानीय उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है।

Location :  Budaun

Published :  5 November 2026, 7:40 PM IST