
बॉबी देयोल के साथ पीयूष मल्होत्रा
Agra: आगरा के डीपीएस शास्त्रीपुरम स्कूल में 10वीं के दो छात्रों के बीच हुई मारपीट में मशहूर यूट्यूबर पीयूष मल्होत्रा के बेटे को गंभीर चोटें आईं। हमले में उसके तीन दांत टूट गए और जबड़े में चोट आई। परिजनों ने स्कूल पर लापरवाही का आरोप लगाया है जबकि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित डीपीएस शास्त्रीपुरम स्कूल में शनिवार को 10वीं कक्षा के दो छात्रों के बीच हुई मारपीट ने सनसनी फैला दी। एक छात्र ने दूसरे के चेहरे पर लगातार पंच मारे, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया। घायल छात्र की पहचान विश्वराज के रूप में हुई है, जो मशहूर यूट्यूबर Piyush Malhotra का बेटा है।
घटना के दौरान आरोपी छात्र ने विश्वराज के मुंह पर कई बार जोरदार वार किए, जिससे उसके तीन दांत टूट गए और जबड़े में गंभीर चोट आई। घायल छात्र के मुंह से खून बहने लगा और वह दर्द से चिल्लाता रहा। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई।
पीयूष मल्होत्रा ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनके अनुसार, सुबह करीब साढ़े सात बजे स्कूल से फोन आया कि बच्चे को हल्की चोट लगी है, लेकिन जब वे पहुंचे तो हालत गंभीर थी। उन्होंने आरोप लगाया कि बच्चे को सिर्फ एक आया पकड़कर बैठी थी और मुंह में रूई डाल दी गई थी, जबकि कोई उचित प्राथमिक उपचार नहीं दिया गया। यहां तक कि प्रिंसिपल ने भी बच्चे का हालचाल नहीं पूछा।
घटना के बाद घायल छात्र को आगरा के यथार्थ हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां उसका ऑपरेशन चल रहा है। पीयूष मल्होत्रा ने आरोपी छात्र के खिलाफ सिकंदरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस अधिकारी अमीषा कुमारी के अनुसार, मामले की जांच शुरू कर दी गई है और स्कूल में हुई घटना के हर पहलू की जांच की जा रही है।
घटना के बाद पीयूष मल्होत्रा ने अपने बेटे का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया, जो तेजी से वायरल हो रहा है। उन्होंने स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था और बच्चों की देखभाल पर गंभीर सवाल उठाए हैं। इस घटना के बाद स्कूल प्रबंधन की भूमिका को लेकर बहस तेज हो गई है।
Location : Agra
Published : 29 April 2026, 1:26 PM IST