
ल मीडिया स्टार को जान से मारने की धमकी
Budaun: उत्तर प्रदेश के जिला बदायूं में रहने वाले भोपाटीवी के चर्चित यूट्यूबर आशीष विशु यादव उर्फ झम्मनलाल ने आज अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट साझा कर सनसनी फैला दी। विडियो के माध्यम से उन्होंने बताया कि उन्हें एक अज्ञात नंबर से लगातार फोन कॉल और संदेशों के जरिए जान से मारने की धमकी दी जा रही है।
पोस्ट के बाद उनके फॉलोअर्स में चिंता का माहौल बन गया और कई लोगों ने उनकी सुरक्षा की मांग की। आशीष ने दावा किया कि धमकी मिलने के तुरंत बाद उन्होंने डायल 112 पर कई बार कॉल करने की कोशिश की, लेकिन कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं मिली।
धमकी मिलने के बाद आशीष यादव ने उसहैत थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस से अज्ञात नंबर की जांच कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले को गंभीरता से लिया गया है और कॉल डिटेल्स तथा नंबर की ट्रेसिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर साइबर सेल की भी मदद ली जा सकती है ताकि धमकी देने वाले की पहचान जल्द हो सके।
आशीष यादव मूल रूप से बदायूं जिले के उसावा विकासखंड के सिकंदराबाद गांव के निवासी हैं। उन्होंने कम उम्र में ही सोशल मीडिया पर अपनी अलग पहचान बनाई है। ‘झम्मनलाल’ नाम से उनके वीडियो ग्रामीण जीवन, हास्य और सामाजिक विषयों पर आधारित होते हैं, जिन्हें लाखों लोग देखते हैं। भोपाटीवी प्लेटफॉर्म पर उनकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ी है और वह क्षेत्र के युवाओं के बीच खासे चर्चित हैं। इसी वजह से धमकी की खबर सामने आने के बाद उनके समर्थकों ने सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल धमकी देने वाले की पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन नंबर की लोकेशन और कॉल रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया पर सक्रिय युवाओं को इस तरह की धमकियां मिलना चिंताजनक है और प्रशासन को उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।
Prayagraj News: आजाद पार्क में मधुमक्खियों का हमला, कई स्कूली बच्चियां घायल; जानें पूरा मामला
आशीष यादव ने भी प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि वह अपने काम को जारी रखेंगे, लेकिन सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जांच के बाद दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Budaun
Published : 20 February 2026, 11:44 PM IST
Topics : Bhopa TV's famous YouTuber Ashish Vishu Yadav receives death threats Budaun Police Call Threat crime news Social media star receives death threats