
आपत्तिजनक वीडियो वायरल (Img : Google)
Sambhal : जिले में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अरिशा से जुड़ा ब्लैकमेलिंग केस अब और उलझता जा रहा है। एक तरफ बिरयानी दुकान चलाने वाले युवक शाहरुख हनीफ ने अरिशा पर प्रेम जाल में फंसाकर आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाने और 55 हजार रुपये ऐंठने का आरोप लगाया है तो दूसरी तरफ अरिशा ने इन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। सोमवार को सामने आए एक वीडियो में अरिशा ने कहा कि उन्हें झूठे मामले में फंसाकर बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।
वीडियो में अरिशा ने शिकायतकर्ता शाहरुख हनीफ पर ही गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यह वही शाहरुख है। जिसने करीब डेढ़ साल पहले उन्हें बदनाम करने की कोशिश की थी। अरिशा के मुताबिक, शाहरुख ने उनके पति को उनकी तस्वीरें भेजी थीं और अब दोबारा झूठे आरोप लगाकर उनकी छवि खराब की जा रही है।
अरिशा ने पुलिस और प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि अगर जांच में उनके खिलाफ कोई ठोस सबूत मिलता है तो वह खुद चाहेंगी कि उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। उन्होंने कहा कि बिना जांच पूरी हुए किसी को दोषी बताना ठीक नहीं है।
संभल कोतवाली क्षेत्र के चौधरी सराय निवासी 22 साल शाहरुख हनीफ की चौधरी सराय चौराहे पर हनीफ बिरयानी सेंटर नाम से पुरानी और मशहूर दुकान है। शाहरुख ने 4 जुलाई की रात करीब 1 बजे संभल कोतवाली में अरिशा हनीफ और दो अन्य युवकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।
शाहरुख का आरोप है कि करीब तीन साल पहले नैनीताल में उसकी मुलाकात अरिशा से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई। शाहरुख के मुताबिक, अरिशा ने उसे प्रेम जाल में फंसाया और फिर अपने साथियों के साथ मिलकर उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए।
एफआईआर में शाहरुख ने आरोप लगाया कि जून में उसे फोन करके महमूद खां सराय बुलाया गया। वहां एक कमरे में ले जाकर उससे दो लाख रुपये की मांग की गई। विरोध करने पर उसकी जेब से 30 हजार रुपये निकाल लिए गए और जान से मारने की धमकी दी गई।
शाहरुख का यह भी आरोप है कि अरिशा, अनस, शुएब उर्फ शुएब बेकरी और अन्य लोगों ने फोटो-वीडियो वायरल करने और झूठा मुकदमा दर्ज कराने की धमकी देकर पैसे मांगे। सामाजिक बदनामी के डर से उसने रुपये दे दिए लेकिन इसके बाद भी ब्लैकमेलिंग जारी रही।
अरिशा ने अपने वीडियो में एफआईआर की टाइमलाइन और मेडिकल रिपोर्ट पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि शिकायत में घटना और मुकदमा दर्ज होने की तारीखों में विरोधाभास है। उन्होंने दावा किया कि मारपीट के आरोप लगाए गए लेकिन मेडिकल रिपोर्ट में कोई चोट सामने नहीं आई।
थाना प्रभारी सुधीर पंवार के मुताबिक, शाहरुख की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस एफआईआर में लगाए गए आरोपों, कथित समझौते, ऑनलाइन लेनदेन, मेडिकल रिपोर्ट और दोनों पक्षों के बयानों की जांच कर रही है। फिलहाल किसी भी पक्ष के दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Sambhal
Published : 7 July 2026, 11:11 PM IST