
भाकियू ने कांवड़ियों पर बरसाए फूल
Muzaffarnagar : जुमे की नमाज के बाद भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) लाल बहादुर शास्त्री ने सांप्रदायिक सौहार्द और सामाजिक एकता का संदेश दिया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने अहिल्याबाई चौक पर शिवभक्त कांवड़ियों का फूलों की बारिश कर स्वागत किया और उनकी सेवा की। जिला अध्यक्ष चौधरी शादाब के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
मुजफ्फरनगर में भाकियू लाल बहादुर शास्त्री ने कांवड़ियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। जिला अध्यक्ष चौधरी शादाब के नेतृत्व में शिवभक्तों को केले, पानी की बोतलें और फ्रूटी वितरित की गई। संगठन ने हिंदू-मुस्लिम एकता और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया।#Muzaffarnagar #KanwarYatra pic.twitter.com/GjX91YSGzz
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) August 7, 2026
कार्यक्रम के दौरान भाकियू लाल बहादुर शास्त्री के कार्यकर्ताओं ने कांवड़ लेकर जा रहे शिवभक्तों का स्वागत किया। कांवड़ियों को करीब 100 दर्जन केले, 2 हजार पानी की बोतलें और 1 हजार फ्रूटी वितरित की गईं।
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा करना सामाजिक जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से यह कार्यक्रम आयोजित किया गया, ताकि समाज में आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश जाए।
जिला अध्यक्ष चौधरी शादाब ने कहा कि मुजफ्फरनगर हमेशा से मोहब्बत, सद्भाव और आपसी भाईचारे की धरती रही है। उन्होंने कहा कि समाज को जोड़ने वाले ऐसे कार्यक्रम लगातार होते रहने चाहिए।
उन्होंने सरकार और जिला प्रशासन से अपील की कि समाज में नफरत फैलाने या माहौल खराब करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, जिससे जिले में शांति और सौहार्द का माहौल बना रहे।
भाकियू के महानगर अध्यक्ष मोहम्मद शाहिद ने कहा कि हिंदू, मुस्लिम, सिख और ईसाई सभी एक हैं और आपसी एकता को किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं होने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि संगठन आगे भी इसी तरह सेवा और भाईचारे से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। कांवड़ियों की सेवा के इस आयोजन को लोगों ने सामाजिक एकता की पहल बताया।
इस अवसर पर जिला संगठन मंत्री मुर्सलिन राव, जिला मंत्री मोहम्मद साहिल, मोहम्मद जाबिर खान, दिलशाद कस्सार, दीपक कुमार, इजहार खान, मोहम्मद सलमान, मोहम्मद साबिर, मोहम्मद रफी, आतिफ एडवोकेट, शाज़िब खान, रब्बान त्यागी, मोहम्मद शमी समेत संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Location : Muzaffarnagar
Published : 8 August 2026, 12:09 AM IST