
बिसौली में आवारा पशु से हादसा (डाइनामाइट न्यूज़)
Badaun: उत्तर प्रदेश के बदायूं के बिसौली में सड़कों पर बेसहारा घूम रहे छुट्टा गोवंश एक बार फिर किसी घर का चिराग बुझा गए। कोतवाली क्षेत्र में बिसौली-सहसवान मार्ग पर आवारा गाय से बाइक टकराने से एक किसान की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक अपने पीछे पत्नी, चार बेटे और एक बेटी को छोड़ गया है। हादसे के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा है।
जानकारी के अनुसार भानपुर गांव निवासी 32 वर्षीय बंटी मिश्रा पुत्र स्व. रामप्रकाश और उनके बड़े भाई 36 वर्षीय दयाशंकर शनिवार रात बगरैन में एक शादी समारोह में शामिल होने बाइक से जा रहे थे। जब दोनों फिरोजपुर गांव के पास ईंट भट्टे के मोड़ पर पहुंचे, तभी अचानक सड़क के बीच में बैठे आवारा गोवंश से उनकी बाइक सीधी टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक अनियंत्रित होकर दूर जा गिरी और दोनों भाई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर दौड़े।
यहां भी पढ़ें: बदायूं में नोटों की बारिश, शराब और डांस फिर नाइट क्लब के अंदर… वायरल वीडियो के बाद मचा हड़कंप
सूचना पर पहुंची बिसौली पुलिस और 108 एंबुलेंस ने दोनों घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसौली पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों ने जांच के बाद बंटी मिश्रा को मृत घोषित कर दिया। दयाशंकर की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका उपचार जारी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक बंटी मिश्रा खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी पत्नी और 5 छोटे बच्चे अब बेसहारा हो गए हैं। घटना की खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस हादसे से गमगीन हैं। ग्रामीणों ने बताया कि बिसौली-सहसवान मार्ग पर रात के समय आवारा गोवंश का जमावड़ा लगा रहता है। कई बार शिकायत के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
यहां भी पढ़ें: बदायूं में बेटा बना कलयुगी, पिता के साथ कर दिया ऐसा कांड कि दहल गया गांव
स्थानीय लोगों का कहना है कि छुट्टा पशुओं की वजह से इस मार्ग पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन गौशालाओं और पकड़ अभियान के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति हो रही है। कोतवाल ने बताया कि मामले में पंचनामा भरकर कार्रवाई की जा रही है। घायल दयाशंकर के बयान के आधार पर आगे की जांच की जाएगी।
Location : Badaun
Published : 12 July 2026, 12:39 PM IST
Topics : Badaun Road Accident Today Badaun Stray Cattle Menace Badaun News Bisauli News Road Accident