
गोरखपुर में बर्ड फ्लू का कहर
गोरखपुर: गोरखपुर में बर्ड फ्लू के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी देखी जा रही है। पहले चिड़ियाघर में कुछ जानवरों की रहस्यमयी मौत हुई थी, जिसके बाद नमूनों की जांच करवाई गई। जांच रिपोर्ट में बर्ड फ्लू संक्रमण की पुष्टि हुई है। इस खबर के बाद स्वास्थ्य और पशुपालन विभाग सतर्क हो गया है। खास बात यह है कि संक्रमण की शुरुआत कौवों से मानी जा रही है, जिससे यह खतरा और भी गंभीर हो गया है।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, चिड़ियाघर के पास के क्षेत्रों जैसे तारामंडल, भगत चौराहा, झुंगिया बाजार और एल्युमिनियम फैक्ट्री क्षेत्र से लिए गए सैंपलों की रिपोर्ट में भी बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। इसके बाद इलाके में दहशत का माहौल है। विभाग ने आनन-फानन में रैपिड रिस्पांस टीम को एक्टिव कर दिया है, जो संक्रमित क्षेत्रों में काम कर रही है।
पशुपालन विभाग और नगर निगम की संयुक्त टीम ने आज एक बड़ा एक्शन लेते हुए संक्रमित पाए गए करीब 1000 मुर्गों को मारकर जमीन में दफनाया। यह कदम संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए उठाया गया है। विभाग ने जानकारी दी है कि यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी और जरूरत के अनुसार अन्य क्षेत्रों में भी कार्यवाही की जाएगी।
नगर निगम द्वारा संक्रमित क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर सैनिटाइजेशन कराया जा रहा है। वहीं, पशुपालन विभाग ने एक कंट्रोल रूम स्थापित किया है, जहां आम जनता किसी भी तरह की जानकारी या सहायता के लिए संपर्क कर सकती है। इसके साथ ही एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है, ताकि लोग संक्रमण के लक्षण या संदिग्ध घटनाओं की जानकारी तुरंत विभाग तक पहुंचा सकें।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने गोरखपुर शहर में अगले 21 दिनों तक मुर्गा और पोल्ट्री उत्पादों की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। यह निर्णय बर्ड फ्लू के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लिया गया है। इस दौरान पोल्ट्री फॉर्म्स पर भी निगरानी रखी जाएगी और किसी भी अनियमितता पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें, सतर्क रहें और किसी भी बीमार पक्षी या जानवर को देखकर तुरंत पशुपालन विभाग या नगर निगम को सूचित करें। संक्रमण को रोकने के लिए सभी को सहयोग करना होगा।
Location : Gorakhpur
Published : 1 June 2025, 12:37 PM IST
Topics : Animal Husbandry Department action Ban on sale of chicken Bird Flu in Zoo Gorakhpur Bird Flu Gorakhpur Helpline Bird Flu Rapid Response Team active