
कानपुर दवा कारोबारी हत्याकांड में बड़ा अपडेट (Image: Social Media)
Kanpur News: कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में एक हाईराइज अपार्टमेंट के अंदर हुई हत्या की वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। इंदिरा नगर स्थित रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट के C-104 फ्लैट में 63 वर्षीय दवा कारोबारी विनीत मिनोचा का शव मिलने से हड़कंप मच गया। फ्लैट के अंदर चारों तरफ खून फैला हुआ था और शुरुआती जांच में पुलिस को हत्या की आशंका नजर आ रही है। सूचना मिलते ही कल्याणपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक विनीत मिनोचा अपने परिवार के साथ रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट में रहते थे। बताया जा रहा है कि देर शाम उनका बेटा और बहू किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बाहर गए थे। जब वह तड़के सुबह वापस फ्लैट पहुंचे तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे में विनीत मिनोचा का शव पड़ा था और आसपास खून ही खून दिखाई दे रहा था। परिजनों ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फ्लैट को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी धारदार हथियार से वार कर उनकी हत्या की गई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या से पहले फ्लैट में कौन-कौन आया था और वारदात के समय आसपास की गतिविधियां कैसी थी। वहीं परिजनों ने पूछताछ के दौरान एक नौकर पर शक जताया है। पुलिस अब सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है। हालांकि अभी तक हत्या की असली वजह सामने नहीं आ सकी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने फ्लैट के अंदर बारीकी से जांच की और घटनास्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर हत्या की पूरी कहानी समझने की कोशिश कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। घटना के खुलासे के लिए कई पुलिस टीमें लगाई गई हैं। एडीसीपी पश्चिम राजेश कुमार पांडे ने बताया कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और जांच में सामने आने वाली जानकारियों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हत्या की गुत्थी सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।
Location : Kanpur
Published : 6 September 2026, 2:09 PM IST