29 लाख की फिरौती मामले में नोएडा पुलिस का बड़ा एक्शन, बिसरख थाना प्रभारी समेत तीन पर गिरी गाज

ग्रेटर नोएडा के बिसरख में जीएसटी सलाहकार से 29 लाख रुपये की फिरौती मामले में पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हुई है। थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है। शिकायत पर देरी से कार्रवाई को लेकर पुलिस पर सवाल उठे थे।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 14 August 2026, 6:27 PM IST

Greater Noida West: बिसरख थाना क्षेत्र में जीएसटी सलाहकार से 29 लाख रुपये की फिरौती वसूली के मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आने के बाद कार्रवाई की गई है। बिसरख थाना प्रभारी मुनेंद्र सिंह, राइज चौकी इंचार्ज राहुल चौधरी और कांस्टेबल ओम प्रकाश को लाइन हाजिर कर दिया गया।

कार सवार बदमाशों ने वसूले थे 29 लाख रुपये

पूरा मामला 20 जुलाई का है। बिसरख कोतवाली क्षेत्र निवासी जीएसटी सलाहकार संदीप कुमार से कार सवार बदमाशों ने 29 लाख रुपये की फिरौती वसूली थी। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन शुरुआती कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े हुए। आरोप है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेने के बजाय शिकायत पर सबूत नहीं मिलने की रिपोर्ट लगाकर निस्तारित कर दिया था।

19 दिन बाद दर्ज हुई FIR

मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर तब और सवाल उठे, जब घटना के करीब 19 दिन बाद आनन-फानन में एफआईआर दर्ज की गई। शिकायत को लेकर शुरुआती स्तर पर हुई देरी के कारण पुलिस की काफी किरकिरी हुई। हालांकि, एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने तेजी दिखाई और महज चार दिन के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर दिया।

लापरवाही पर वरिष्ठ अधिकारियों ने लिया एक्शन

मामले के खुलासे के बाद भी शिकायत पर शुरुआती कार्रवाई में हुई देरी को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों ने जांच कराई। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर बिसरख थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी पीड़ित की शिकायत पर समय रहते कार्रवाई करना है। किसी भी मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल 29 लाख रुपये की फिरौती मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Location :  Greater Noida

Published :  14 August 2026, 6:27 PM IST