बाइक हमारी, पेट्रोल हमारा… फिर कमाई का फैसला कौन करेगा? बरेली में स्विग्गी राइडर्स का प्रदर्शन

बरेली में स्विग्गी राइडर्स ने भुगतान बढ़ाने की मांग को लेकर सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। राइडर्स का आरोप है कि बढ़ते पेट्रोल खर्च और महंगाई के बीच मौजूदा पे-आउट में काम करना मुश्किल हो गया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 26 July 2026, 4:02 PM IST

Bareilly: बरेली ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी स्विग्गी के राइडर्स ने रविवार को बरेली के सील चौराहा पर एकत्र होकर पे-आउट (भुगतान) बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। राइडर्स ने कंपनी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि पिछले छह महीनों से उन्हें भुगतान बढ़ाने का केवल आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।

आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहे राइडर्स

प्रदर्शन के दौरान राइडर्स ने कहा कि वे अपनी बाइक, पेट्रोल, वाहन की सर्विस, इंश्योरेंस और अन्य खर्च स्वयं वहन करते हैं। इसके बावजूद उनकी मेहनत का भुगतान कंपनी एकतरफा तय करती है, जिससे उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ये भी पढ़ें-ऑक्सीजन प्लांट को नहीं छोड़ा… CHC में तोड़फोड़ से मचा हड़कंप, मरीजों की जिंदगी से जुड़ी व्यवस्था पर बड़ा खतरा

राइडर्स का कहना है कि इससे पहले भी उन्होंने हड़ताल की थी। उस समय कंपनी की ओर से सात दिनों के भीतर पे-आउट बढ़ाने का भरोसा दिया गया था, लेकिन छह महीने बीतने के बाद भी वादा पूरा नहीं हुआ। उनका आरोप है कि लगातार घटते पे-आउट और बढ़ती महंगाई के कारण परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है।

मेहनत के बाद भी नहीं मिलता अपेक्षित आय

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि पेट्रोल की बढ़ती कीमत, बाइक की किस्त, सर्विसिंग, इंश्योरेंस और अन्य जरूरी खर्चों के बाद उनकी आय काफी कम बचती है। उनका कहना है कि दिनभर धूप, बारिश और ट्रैफिक के बीच मेहनत करने के बावजूद उन्हें अपेक्षित आय नहीं मिल रही।

राइडर्स ने कैंसिल ऑर्डर और मल्टी-ऑर्डर सिस्टम को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि कई बार कैंसिल हुए ऑर्डर का नुकसान भी उन्हें उठाना पड़ता है और उसका उचित भुगतान नहीं मिलता। साथ ही इंसेंटिव नीति में भी पारदर्शिता नहीं होने की शिकायत की गई। प्रदर्शन कर रहे राइडर्स ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य कंपनी का विरोध करना नहीं, बल्कि अपनी मेहनत का उचित मूल्य प्राप्त करना है। उनका कहना है कि अगर भुगतान व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो भविष्य में भी आंदोलन जारी रखा जाएगा।

ये भी पढ़ें-  यूपी में 50 हजार के इनामी शूटर का एनकाउंटर, मुन्ना बजरंगी गैंग से भी जुड़ा था नाम; आखिर कैसे चढ़ा पुलिस के हत्थे

राइडर्स की प्रमुख मांगें

पे-आउट में तत्काल बढ़ोतरी की जाए।

दूरी के अनुसार उचित भुगतान सुनिश्चित किया जाए।

कैंसिल ऑर्डर नीति में पारदर्शिता लाई जाए।

मल्टी-ऑर्डर सिस्टम की समीक्षा की जाए।

इंसेंटिव व्यवस्था को अधिक न्यायसंगत और स्पष्ट बनाया जाए।

Location :  Bareilly

Published :  26 July 2026, 4:02 PM IST