यूपी का यह बड़ा हाईवे होगा टोल फ्री, रोजाना हजारों लोगों को मिलेगा फायदा

बरेली-पीलीभीत हाईवे पर वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलने वाली है। लभेड़ा टोल प्लाजा को हटाकर पीलीभीत से आगे शिफ्ट करने की मंजूरी मिल गई है। जानिए कब से टोल फ्री होगा सफर और क्या है पूरा अपडेट...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 6 September 2026, 12:56 PM IST

Bareilly News: बरेली से पीलीभीत जाने वाले वाहन चालकों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। लंबे समय से चली आ रही टोल हटाने की मांग अब पूरी होने जा रही है। लभेड़ा स्थित टोल प्लाजा को हटाने की मंजूरी मिल गई है। हाईवे चौड़ीकरण का काम पूरा होते ही यह टोल प्लाजा पीलीभीत से आगे शिफ्ट कर दिया जाएगा। इसके बाद बरेली से पीलीभीत तक सफर करने वाले लोगों को टोल टैक्स नहीं देना पड़ेगा।

स्थानीय लोगों की मांग पर लिया गया फैसला

बरेली-पीलीभीत-सितारगंज हाईवे पर स्थित नवाबगंज क्षेत्र के लभेड़ा टोल प्लाजा को लेकर लंबे समय से लोगों में नाराजगी थी। वाहन चालकों का कहना था कि शहर से कुछ ही दूरी पर टोल लगने की वजह से रोजाना सफर करने वालों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। हाईवे चौड़ीकरण का काम शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने टोल प्लाजा को हटाने की मांग तेज कर दी थी। लोगों की मांग को देखते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने लभेड़ा टोल प्लाजा को पीलीभीत से आगे स्थानांतरित करने का प्रस्ताव परिवहन मंत्रालय को भेजा था। अब मंत्रालय ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

हाईवे का काम पूरा होने के बाद बदलेगी जगह

अधिकारियों के मुताबिक, अभी हाईवे चौड़ीकरण का काम चल रहा है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद ही टोल प्लाजा को नई जगह पर शिफ्ट किया जाएगा। टोल हटने के बाद बरेली से पीलीभीत तक रोजाना आने-जाने वाले हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। एनएचएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर तकनीकी अश्वनी चौहान ने बताया कि क्षेत्रीय लोगों की मांग को ध्यान में रखते हुए टोल प्लाजा शिफ्ट करने का प्रस्ताव भेजा गया था, जिसे मंत्रालय से मंजूरी मिल चुकी है। चौड़ीकरण पूरा होने के बाद लभेड़ा टोल प्लाजा को पीलीभीत से आगे स्थापित किया जाएगा।

निर्माण कार्य के चलते पहले ही घटा था टोल शुल्क

बरेली-सितारगंज हाईवे पर चौड़ीकरण के कारण फिलहाल कई जगहों पर काम चल रहा है। इसके चलते यातायात प्रभावित हो रहा है और कई स्थानों पर डायवर्जन भी लागू है। इसी वजह से लभेड़ा टोल प्लाजा पर शुल्क पहले ही कम किया जा चुका है। अभी कार चालकों से 70 रुपये की जगह 40 रुपये टोल लिया जा रहा है। वहीं व्यावसायिक चार पहिया वाहनों के लिए शुल्क 110 रुपये से घटाकर 65 रुपये कर दिया गया है। बसों का टोल 240 रुपये से घटाकर 140 रुपये और थ्री-एक्सल वाहनों का शुल्क 250 रुपये से कम कर 160 रुपये कर दिया गया है।

बरेली और पीलीभीत के यात्रियों को मिलेगा सीधा फायदा

लभेड़ा टोल प्लाजा हटने के बाद बरेली से पीलीभीत जाने वाले स्थानीय यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को सबसे ज्यादा फायदा मिलेगा। रोजाना सफर करने वाले वाहन चालकों का खर्च कम होगा और यात्रा भी आसान हो जाएगी। हाईवे चौड़ीकरण पूरा होने के बाद नए टोल स्थान पर व्यवस्था शुरू की जाएगी।

Location :  Bareilly

Published :  6 September 2026, 12:56 PM IST