हिंदी
दबंगों ने घर में घुसकर परिवार को पीटा
Bareilly: सुभाषनगर में अंतिम संस्कार से लौटे परिवार के घर में घुसकर दबंगों ने मारपीट कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने चाकू से भी वार किया, जिसमें परिवार के तीन लोग घायल हो गए। हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़िता की तहरीर पर सुभाषनगर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुभाष नगर थाना क्षेत्र के सनैया रोड पर नंद परिणय पैलेस के पास रहने वाली रामवती ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके नाती आदित्य मौर्य की 23 अगस्त को लंबी बीमारी के बाद मौत हो गई थी। मौत के बाद परिवार में मातम था। अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए रामवती की बेटी रेनू मौर्य, दामाद ओमप्रकाश और बेटा विष्णु मौर्य भी घर आए थे।
24 अगस्त को अंतिम संस्कार के बाद दोपहर करीब तीन बजे परिवार के लोग घर पहुंचे ही थे। इसी दौरान बेबी मौर्य, संजय, राकेश, देव और शिवम वहां पहुंच गए। आरोप है कि किसी बात को लेकर कहासुनी हुई और देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया।
रामवती का आरोप है कि हमलावरों ने उनके परिवार के साथ मारपीट की और चाकू से हमला कर दिया। हमले में उनका बेटा विष्णु मौर्य, बेटी रेनू मौर्य और दामाद ओमप्रकाश घायल हो गए। अचानक हुए हमले से घर में चीख-पुकार मच गई।
पीड़िता का आरोप है कि हमला करने वालों ने मारपीट के साथ उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद परिवार में दहशत का माहौल बन गया। रामवती ने आरोपियों के खिलाफ सुभाषनगर थाने में तहरीर दी है। पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। सुभाषनगर पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर 5 आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।
Location : Bareilly
Published : 29 August 2026, 3:30 AM IST