हिंदी
नगर निगम विवाद (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Bareilly: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में गृहकर (हाउस टैक्स) के विवाद को लेकर एक महिला और नगर निगम के राजस्व निरीक्षक (आरआई) के बीच का मामला अब पुलिस थाने तक पहुंच गया है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी है, जिसके बाद से यह मामला काफी गरमा गया है।
बारादरी थाना क्षेत्र की रहने वाली पीड़ित महिला ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में नगर निगम के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला के मुताबिक, उनके मकान का 61,143 रुपये का गृहकर बकाया था। इस मामले को रफा-दफा करने के एवज में नगर निगम के राजस्व निरीक्षक (आरआई) सचिदानन्द सिंह ने करीब डेढ़ वर्ष पहले उनसे 20,000 रुपये लिए थे।
महिला का आरोप है कि पैसे लेने के बाद भी अधिकारी काम करने में लगातार टालमटोल करता रहा। बाद में उसने उस रकम को अपनी रिश्वत बताते हुए 20,000 रुपये की और मांग शुरू कर दी। पैसे न देने पर महिला को मकान की कुर्की करने की धमकी दी गई।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि 16 जून को जब वह इस सिलसिले में नगर निगम कार्यालय गईं, तो उनके साथ अभद्रता की गई और धक्के मारकर बाहर निकाल दिया गया। इसके बाद, 17 जून को जब वह पार्षद प्रतिनिधि अतुल कपूर और अपने बेटों के साथ दोबारा शिकायत लेकर जोन-4 कार्यालय पहुंचीं, तो आरोपी अधिकारी आग बबूला हो गया। आरोप है कि आरआई ने उनके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
दूसरी ओर, राजस्व निरीक्षक सचिदानंद सिंह ने महिला द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है। उन्होंने भी थाने में शिकायती पत्र सौंपकर दूसरे पक्ष पर सरकारी कार्य में बाधा डालने और बदतमीजी करने का जवाबी आरोप लगाया है।
आरआई सचिदानंद सिंह का कहना है कि 17 जून की दोपहर करीब 12 बजे जब वह अपने कार्यालय के कक्ष संख्या 9 में विभागीय फाइलों का निस्तारण कर रहे थे, तभी वार्ड-8 मॉडल टाउन के पार्षद प्रतिनिधि अतुल कपूर, मोहित अरोरा, उसका भाई और करीब सात अज्ञात लोग जबरन उनके केबिन में घुस आए।
Bareilly News: कुछ ही पलों में आग का गोला बना ट्रक, चालक बाल-बाल बचा; जानें पूरा मामला
अधिकारी का आरोप है कि केबिन में घुसकर इन लोगों ने उनके साथ गाली-गलौज और बदतमीजी की। समझाने का प्रयास करने के बावजूद वे लोग हाथापाई पर उतारू हो गए। आरआई ने यह भी बताया कि इससे पहले 16 जून को भी मोहित अरोड़ा ने कार्यालय आकर सरकारी दस्तावेजों के साथ हस्तक्षेप करने का प्रयास किया था।
राजस्व निरीक्षक के मुताबिक, पार्षद प्रतिनिधि और उनके साथी उन पर नियम विरुद्ध कार्य करने का अवैध दबाव बना रहे हैं, जिसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी उनके पास सुरक्षित है। उन्होंने सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप लगाते हुए अपनी सुरक्षा की मांग की है और नामजद व अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की गुहार लगाई है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
Location : Bareilly
Published : 18 June 2026, 10:35 AM IST
Topics : bareilly news Bribery Charges Government Official Clash House Tax Row Municipal Corporation Dispute