बाराबंकी में विसर्जन करने गए श्रद्धालुओं की थप्पड़-लातों से पिटाई ! दारोगा लाइन हाजिर

बाराबंकी के रेत नदी घाट पर दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं से कथित मारपीट का वीडियो वायरल हुआ। एसपी रवीना त्यागी ने दारोगा बीके शर्मा को लाइन हाजिर कर जांच के आदेश दिए।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 21 October 2026, 9:00 AM IST

Barabanki: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। देवा-चिनहट मार्ग स्थित रेत नदी घाट पर पानी से बाहर निकल रहे श्रद्धालुओं की एक दारोगा द्वारा थप्पड़ों और लातों से पिटाई किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला सामने आने के बाद पुलिस विभाग में कार्रवाई की गई है। एसपी रवीना त्यागी के निर्देश पर माती थाने में तैनात उपनिरीक्षक बीके शर्मा उर्फ विष्णु शर्मा को लाइन हाजिर कर दिया गया है। साथ ही, मामले की विभागीय जांच सीओ सिटी संगम कुमार को सौंपी गई है।

विसर्जन के बाद श्रद्धालुओं की पिटाई का वीडियो वायरल

जानकारी के मुताबिक, देवा क्षेत्र में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के बाद कुछ श्रद्धालु नदी के पानी से बाहर निकल रहे थे। इसी दौरान दारोगा द्वारा उनके साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने घटना का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। करीब 20 सेकेंड के इस वीडियो में कथित तौर पर दारोगा पानी से बाहर निकल रहे श्रद्धालुओं को थप्पड़ मारते और लात चलाते दिखाई दे रहे हैं।

कानपुर के दशहरा मेले में जोरदार धमाका! सिलिंडर फटने से बच्ची समेत 4 घायल

कहासुनी के बाद मारपीट का आरोप

बताया जा रहा है कि दारोगा और श्रद्धालुओं के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। आरोप है कि इसके बाद विसर्जन करके लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ मारपीट की गई। हालांकि, विवाद की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की पूरी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया और पुलिसकर्मी के व्यवहार को लेकर सवाल उठने लगे।

 

 

बजरंग दल ने जताया विरोध, दारोगा लाइन हाजिर

वीडियो वायरल होने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और कथित मारपीट का विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने आरोपी दारोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की और कार्रवाई नहीं होने पर धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी। इसके बाद एसपी रवीना त्यागी के निर्देश पर उपनिरीक्षक बीके शर्मा को लाइन हाजिर कर दिया गया। मामले की जांच सीओ सिटी संगम कुमार को सौंपी गई है। अब जांच में वायरल वीडियो और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

Location :  barabanki

Published :  21 October 2026, 9:00 AM IST