
Barabanki Court
जनपद बाराबंकी के तहसील रामसनेही घाट अंतर्गत ग्राम सोहिलपुर में एक विवादित भूमि पर अवैध निर्माण कार्य को लेकर तनाव की स्थिति पैदा हो गई है। गांव के दो निवासियों पूनम देवी पत्नी कृष्ण कांत और गंगाराम पुत्र जगेसर ने संयुक्त रूप से रामसनेही घाट कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। जिसमें उन्होंने रामविलास पुत्र मिठाईलाल निवासी ग्राम कोटवा सड़क पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
क्या है पूरा मामला
शिकायत के अनुसार विवादित भूमि गाटा संख्या 373 पर रामविलास द्वारा जबरन निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जबकि इस भूमि पर अपर आयुक्त मंडल अयोध्या की अदालत में वाद विचाराधीन है। पीड़ितों के मुताबिक उक्त मामले की अगली सुनवाई 1 सितंबर 2025 को नियत है। इसके बावजूद न्यायालय की प्रक्रिया का उल्लंघन करते हुए विपक्षी पक्ष द्वारा निर्माण कार्य जारी रखा गया है।
पीड़ित ने जताई अनहोनी की आशंका
पीड़ितों ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने रामविलास से निर्माण कार्य रोकने की अपील की तो वह आक्रोशित हो उठा और फौजदारी पर उतारू हो गया। इतना ही नहीं रामविलास ने उन्हें जान से मारने की धमकी तक दे डाली। यह स्थिति पीड़ितों के लिए भय और असुरक्षा की वजह बन गई है।
अब पुलिस ने क्या बोला?
रामसनेही घाट कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अंकित त्रिपाठी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ितों की तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
न्यायालय की अवमानना
यह मामला न सिर्फ भूमि विवाद से जुड़ा है। बल्कि न्यायालय की अवमानना और खुलेआम कानून व्यवस्था को चुनौती देने जैसा भी है। यदि समय रहते इस पर कठोर कार्रवाई न की गई तो इससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर गलत संदेश जा सकता है।
Location : Barabanki
Published : 24 August 2025, 10:49 PM IST