Balrampur News: अचानक सड़कों पर उतरे अफसर, फिर जो हुआ उससे वाहन चालकों में मचा हड़कंप; 367 पर कार्रवाई

बलरामपुर में सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त चेकिंग अभियान चलाया। बिना हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग और बिना नंबर प्लेट वाले 367 वाहनों के चालान काटे गए। कार्रवाई में 66 लाख 11 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। अधिकारियों ने यातायात नियमों के पालन की अपील की।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 21 August 2026, 9:09 AM IST

Balrampur: जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और यातायात नियमों की अनदेखी पर लगाम लगाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने संयुक्त रूप से सघन अभियान चलाया। गुरुवार को पूरे जनपद में एक साथ चेकिंग और जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर सख्ती बरती गई।

367 वाहनों के काटे गए चालान

अभियान के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तेज रफ्तार और बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। जांच के दौरान कुल 367 वाहनों के चालान काटे गए। इन वाहनों पर कुल 66 लाख 11 हजार 500 रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही। अधिकारियों ने साफ किया कि सड़क सुरक्षा के साथ किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाधिकारी और एसपी खुद उतरे सड़क पर

यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और लोगों को जागरूक करने के लिए जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी खुद सड़क पर नजर आए। वीर विनय चौराहे पर जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने एआरटीओ बृजेश यादव के साथ चेकिंग अभियान का मोर्चा संभाला।

अधिकारियों ने वाहन चालकों और राहगीरों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने के साथ निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की।

फुलवरिया बाइपास पर भी सख्त कार्रवाई

फुलवरिया बाइपास पर अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के नेतृत्व में प्रवर्तन अभियान चलाया गया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की जांच की गई और आवश्यक कार्रवाई की गई।

अधिकारियों ने वाहन चालकों को वैध दस्तावेज साथ रखने और सड़क पर वाहन चलाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की हिदायत दी।

सिर्फ चालान काटना नहीं, लोगों को जागरूक करना भी मकसद

प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल चालान काटकर जुर्माना वसूलना नहीं है। इसका मुख्य मकसद लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करना है।

वाहन चालकों से अपील की गई कि सड़क पर एंबुलेंस जैसे आपातकालीन वाहनों को तत्काल रास्ता दें। साथ ही ओवरस्पीडिंग से बचें और सभी जरूरी दस्तावेज अपने साथ रखें।

UP News Live Update: सुल्तानपुर में SP चारू निगम का तबादला, महराजगंज में मकान में घुसा बेकाबू मिक्सर डंपर

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर चेकिंग और जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेगा। अधिकारियों का कहना है कि यातायात नियमों का पालन कर सड़क हादसों को काफी हद तक रोका जा सकता है। ऐसे में नियम तोड़ने वालों के खिलाफ आने वाले दिनों में भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Balrampur

Published :  21 August 2026, 9:09 AM IST