बलिया तहसील में एंटी करप्शन का छापा, जमीन पैमाइश के लिए 5000 रुपये रिश्वत लेते हुए राजस्व निरीक्षक गिरफ्तार

बलिया के सदर तहसील में तैनात राजस्व निरीक्षक रामप्रताप राम को एंटी करप्शन की टीम ने 5000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। आरोपी जमीन की पैमाइश के बदले सोनवानी निवासी अशोक कुमार सिंह से घूस मांग रहा था। आजमगढ़ की भ्रष्टाचार निवारण टीम ने जाल बिछाकर यह बड़ी कार्रवाई की।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 17 June 2026, 6:41 PM IST

Ballia: बलिया जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन टीम ने कार्रवाई करते हुए तहसील सदर में तैनात राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।

पांच हजार रुपये की कर रहा था मांग

जानकारी के अनुसार, आरोपी राजस्व निरीक्षक रामप्रताप राम जमीन की पैमाइश के एवज में शिकायतकर्ता से पांच हजार रुपये की मांग कर रहा था। शिकायतकर्ता अशोक कुमार सिंह निवासी सोनवानी थाना हल्दी ने आजमगढ़ स्थित एंटी करप्शन टीम से शिकायत दर्ज कराई थी।

कराया गया मुकदमा दर्ज

शिकायत की पुष्टि के बाद एंटी करप्शन की 14 सदस्यी टीम ने इंस्पेक्टर कमलेश कुमार पासवान के नेतृत्व में योजना बनाकर कार्रवाई करते हुए तहसील सदर परिसर स्थित राजस्व निरीक्षक कक्ष (प्रथम तल, कमरा नंबर 22) में रिश्वत 5000 रुपये लेते हुए उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। वहीं मौके पर मौजूद स्वतंत्र साक्षियों के समक्ष आरोपी से रिश्वत की रकम बरामद की गई। इसके बाद टीम ने उसे गिरफ्तार कर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।

Location :  ballia

Published :  17 June 2026, 6:41 PM IST