
डीएम-एसपी ने घाटों पर परखी तैयारियां (Image Source: Dynamite News)
Ballia: कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व पर इस बार बलिया में आठ से दस लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए हैं। रविवार को जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक ईराज राजा ने स्नान घाटों और मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। घाटों पर बैरिकेडिंग, गोताखोरों और नावों की तैनाती के साथ एनडीआरएफ और पीएसी के जवान भी मुस्तैद रहेंगे। पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी कंट्रोल रूम से की जाएगी।
प्रशासनिक अनुमान के मुताबिक, सोमवार करीब दो से तीन बजे के बीच कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व की शुरुआत होने की संभावना है। इस बार आठ से दस लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान लगाया गया है। इसके साथ ही ददरी मेला भी शुरू होने के कारण आगामी दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।
Chandauli Mock Drill: सायरन बजते ही चंदौली में ब्लैकआउट, हवाई हमले से बचाव का हुआ मॉक ड्रिल
स्नान पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए मेला क्षेत्र में पुलिस बल और मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्नान की पूर्व संध्या पर सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर मिली कमियों को रातभर में दूर करने के निर्देश दिए, ताकि स्नान के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।
NDRF-PAC और गोताखोर संभालेंगे मोर्चा (Image Source: Dynamite News)
नदी में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए घाटों पर बैरिकेडिंग कराई गई है। प्रत्येक 50 से 100 मीटर की दूरी पर गोताखोरों और तैराकों के साथ नावों की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा एनडीआरएफ की टीम, एक प्लाटून पीएसी और गोताखोरों की टीम को भी मुस्तैद रखा जाएगा। पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी कंट्रोल रूम से होगी।
व्यवस्थाओं पर नजर बनाए रखने के लिए अधिकारी रात में भी मेला क्षेत्र में मौजूद रहेंगे। नगर पालिका की ओर से स्नानार्थियों के लिए चेंजिंग रूम, बाथरूम और साफ-सफाई की व्यवस्था की गई है। दिव्यांग श्रद्धालुओं के सम्मानजनक आवागमन और स्नान के लिए विशेष वालंटियर्स तैनात किए जाएंगे। प्रशासन ने घाटों पर स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात कही है।
Badaun Accident: बारात से लौट रही कार की दूसरी गाड़ी से भिड़ंत, पांच लोग घायल
स्नान पर्व के दौरान व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए सिविल डिफेंस, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट्स और स्थानीय डिग्री कॉलेजों के छात्र भी सहयोग करेंगे। युवा भारत के करीब 25 बच्चों को सेवा कार्य और श्रमदान के लिए लगाया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि युवाओं और सामाजिक संगठनों की भागीदारी से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आमजन से कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व में उत्साहपूर्वक शामिल होने की अपील की है। साथ ही प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और सेवा भाव से आगे आकर व्यवस्थाओं को सुचारु बनाने में सहयोग करने को कहा है। निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, सीआरओ गुलशन जी एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Location : Ballia
Published : 23 November 2026, 12:44 AM IST