Ballia News: कर्ज माफी से लेकर मुफ्त बिजली तक, बलिया में छात्रों और किसानों का जोरदार प्रदर्शन

बलिया में सोमवार को छात्रों और किसानों का बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला। हजारों की संख्या में छात्र-छात्राएं और किसान जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर जोरदार आवाज उठाई। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 5 October 2026, 7:40 PM IST

Ballia: उत्तर प्रदेश के जनपद बलिया में सोमवार को छात्रों और किसानों का बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला। हजारों की संख्या में छात्र-छात्राएं और किसान जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर जोरदार आवाज उठाई। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शनकारियों ने एक सप्ताह के भीतर मांगें पूरी नहीं होने पर 9 अक्टूबर को बलिया बंद और छात्र कर्फ्यू का ऐलान किया है।

डीएम कार्यालय पर जुटे हजारों छात्र और किसान

छात्रों और किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर आयोजित महाप्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। इसके बाद जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजा गया।

प्रदर्शनकारियों ने सरकार से छात्रों, युवाओं और किसानों से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर उनकी मांगों पर सकारात्मक फैसला नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

ये भी पढ़ें: Ballia News: लाठी-डंडों से हमला कर युवक को उतारा मौत के घाट, पुलिस ने चारों नामजद आरोपियों को दबोचा

मोबाइल-टैबलेट और छात्रवृत्ति का मुद्दा उठा

पूर्वांचल छात्र संघर्ष समिति के संयोजक नागेंद्र बहादुर सिंह ‘झुन्नू’ ने कहा कि पिछले तीन वर्षों से छात्रों को मोबाइल और टैबलेट नहीं मिल रहे हैं। दूसरी ओर, हर साल महाविद्यालयों की फीस बढ़ाई जा रही है, लेकिन छात्रवृत्ति की राशि में कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। उन्होंने सरकार से छात्रवृत्ति की धनराशि दोगुनी करने की मांग की। उनका कहना था कि महंगाई और बढ़ती शिक्षा लागत के बीच छात्रों पर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है।

पांच लाख सरकारी नौकरियों की मांग

प्रदर्शन के दौरान युवाओं के रोजगार का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। नागेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवा लगातार निराश हो रहे हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से विधानसभा चुनाव से पहले विभिन्न विभागों में कम से कम पांच लाख नियुक्तियां पूरी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि युवाओं की समस्याओं की अनदेखी जारी रही तो युवा आंदोलन के जरिए अपनी आवाज उठाएंगे।

किसानों और छात्रों का कर्ज माफ करने की मांग

कुंवर सिंह पीजी कॉलेज के पूर्व अध्यक्ष मिथिलेश यादव ‘मोती’ ने किसानों और छात्रों के कर्ज का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि बाढ़ और चक्रवात जैसी प्राकृतिक आपदाओं से कई किसान आर्थिक संकट में आ गए हैं और कर्ज के बोझ से दबे हुए हैं। उन्होंने सरकार से किसानों और छात्रों के कर्ज माफ करने की मांग की। उनका कहना था कि आर्थिक परेशानियों के कारण किसानों के बच्चे भी अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए कर्ज लेने को मजबूर हैं।

300 यूनिट मुफ्त बिजली की मांग

सतीश चंद्र कॉलेज के पूर्व अध्यक्ष राहुल कुमार मिश्रा ने प्रदेश में 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की मांग की। उन्होंने कहा कि जब कुछ अन्य राज्यों में लोगों को एक निश्चित सीमा तक मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है तो उत्तर प्रदेश में भी ऐसी व्यवस्था लागू की जानी चाहिए।

ये भी पढ़ें: Ballia News: शौच के लिए गए बुजुर्ग की संदिग्ध हालात में मौत, मुंह से झाग और नीले पड़े शरीर ने खड़े किए कई सवाल

9 अक्टूबर को बलिया बंद का ऐलान

प्रदर्शन के दौरान छात्रों और छात्र नेताओं ने कहा कि यदि एक सप्ताह के भीतर उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 9 अक्टूबर को बलिया बंद और छात्र कर्फ्यू का आह्वान किया जाएगा। महाप्रदर्शन की अध्यक्षता छात्र नेता अविनाश सिंह नंदन ने की। उन्होंने प्रदर्शन में शामिल किसानों और छात्रों का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन छात्र नेता आदित्य सिंह योगी ने किया।

Location :  Ballia

Published :  5 October 2026, 7:40 PM IST