
बहराइच में महिला को जिंदा जलाने का आरोप (इमेज सोर्स-इंटरनेट)
Bahraich: यूपी के बहराइच में शनिवार को तड़के संदिग्ध परिस्थितियों में एक मकान में आग लग गई। आग से महिला गंभीर रूप से झुलस गई। महिला की हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ के लिए रेफर किया गया है। महिला के पति ने जमीन विवाद में अपने साले व उनके बेटे पर आग लगाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना दरगाह थाना क्षेत्र के नुरुद्दीनचक गांव की है।
जानकारी के अनुसार राजीव अपनी पत्नी चंदा के साथ रहते हैं। शनिवार की तड़के करीब 3.00 बजे उनके घर में आग लग गई। इसमें चंदा बुरी तरह झुलस गई। सूचना पर दरगाह थाना प्रभारी रामाज्ञा सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। वहां उसकी हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे लखनऊ के लिए रेफर कर दिया।
चंदा की पहली शादी नाजिरपुरा निवासी खुर्शीद से हुई थी। इसके बाद दूसरी शादी कानपुर में हुई, लेकिन दोनों पतियों से अनबन होने के कारण उसने उन्हें छोड़ दिया। वर्तमान में वह राजीव के साथ रह रही थी। दूसरे पति से उसकी एक बेटी शबनम है, जिसकी शादी हो चुकी है।
झुलसी हुई महिला ने बताया कि मकान के विवाद में उसके रिश्ते के भाइयों मोहम्मद सफी, शमी व आश्मी ने आग लगाई है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें महिला जलते हुए घर से बाहर निकलती दिखाई पड़ रही है। इस दौरान वो एक युवक को भी रोकती नजर आ रही है। मामले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
दरगाह थाना प्रभारी रामाज्ञा सिंह ने बताया कि महिला के पति की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जो तथ्य प्रकाश में आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में सीओ सिटी नारायण दत्त मिश्रा ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि दरगाह शरीफ थाना क्षेत्र के नूरुद्दीन चक में एक घर में आग लग गई है। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और वहां चंदा नामक एक महिला को जली हुई अवस्था में पाया। महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया और बेहतर इलाज के लिए आगे रेफर कर दिया गया है।
आग लगने के कारणों और इसके पीछे किसका हाथ है, इसकी गहनता से जांच की जा रही है महिला के पति राजीव की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Location : Bahraich
Published : 16 May 2026, 3:12 PM IST