Bullet Sieged Budaun: क्या आप भी बुलेट में लगवाते हैं मॉडिफाइड साइलेंसर? बदायूँ पुलिस की यह कार्रवाई देख उड़ जाएंगे होश

Bullet Sieged Budaun: बदायूँ में एसएसपी के निर्देश पर यातायात पुलिस ने पुलिस लाइन चौराहे पर चेकिंग कर 3 बुलेट बाइक सीज कीं। एक बाइक पर ₹34,500 का जुर्माना लगाया गया। पढ़ें पूरी खबर...

Updated : 29 April 2026, 11:47 PM IST

Budaun: सड़कों पर तेज आवाज और मॉडिफाइड साइलेंसर के जरिए दहशत फैलाने वाले बाइक सवारों के खिलाफ बदायूँ पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। एसएसपी के निर्देशों के क्रम में यातायात पुलिस और थाना सिविल लाइन पुलिस ने संयुक्त चेकिंग अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाली 3 बुलेट मोटरसाइकिलों को सीज कर दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से नियमों को ताक पर रखने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मचा हुआ है।

बुधवार को पुलिस लाइन चौराहे पर यातायात प्रभारी ललित कुमार और सिविल लाइन थाना प्रभारी हरेंद्र सिंह ने पुलिस टीम के साथ मोर्चा संभालते हुए मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट बाइक्स के खिलाफ सख्त चेकिंग अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान नियमों की धज्जियाँ उड़ाने वाले चालकों पर भारी जुर्माना लगाया गया। यातायात प्रभारी ने एक ऐसी बुलेट पकड़ी जिस पर न केवल तेज आवाज वाला साइलेंसर लगा था, बल्कि उस पर चार सवारी भी बैठी थीं, जिसके चलते बाइक को सीज कर 34,500 रुपये का भारी-भरकम जुर्माना लगाया गया। इसी क्रम में एक अन्य बुलेट को मॉडिफाइड साइलेंसर के कारण 20,500 रुपये के जुर्माने के साथ सीज किया गया, जबकि सिविल लाइन थाना प्रभारी ने भी एक बुलेट को रोककर उस पर 10,000 रुपये का दंड लगाते हुए उसे थाने में खड़ा करवा दिया।

Kaushambi News: भूमि विवादों पर एक्शन मोड में प्रशासन, डीएम ने मौके पर कराए कई मामलों का निपटारा…

ध्वनि प्रदूषण और स्टंटबाजी पर लगाम की तैयारी

चेकिंग के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि यातायात नियमों के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। यातायात प्रभारी ललित कुमार ने कहा कि मॉडिफाइड साइलेंसर न केवल ध्वनि प्रदूषण फैलाते हैं, बल्कि राहगीरों के लिए भी परेशानी का सबब बनते हैं।

Etah News: शराब के लिए नहीं मिले पैसे तो कलयुगी बेटे ने पिता के साथ किया कुछ ऐसा जो कोई बेटा कभी ना करे, जानें पूरा मामला

पुलिस ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी है कि तेज आवाज वाले साइलेंसर लगाने और नियमों के विरुद्ध वाहन चलाने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि किसी भी सूरत में सड़कों पर स्टंटबाजी और शोर-शराबा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Location :  Budaun

Published :  29 April 2026, 11:47 PM IST