“संविधान की रक्षा जरूरी”- अम्बेडकर जयंती पर सपा सांसद आदित्य यादव का बड़ा बयान

बदायूं में डॉ भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती पर भव्य कार्यक्रम हुए। सपा सांसद आदित्य यादव ने विभिन्न स्थानों पर श्रद्धांजलि दी और संविधान की रक्षा का संदेश दिया। उन्होंने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए सामाजिक न्याय पर जोर दिया।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 14 April 2026, 5:29 PM IST

Budaun: संविधान निर्माता एवं भारत रत्न डॉ भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर बदायूं जनपद में व्यापक स्तर पर कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के बदायूं लोकसभा क्षेत्र के सांसद आदित्य यादव ने पूरे संसदीय क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में सहभाग किया तथा बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सामाजिक न्याय का संदेश दिया। पूरे जनपद में अम्बेडकर जयंती को लेकर उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।

सांसद का कार्यक्रमों का क्रमवार दौरा

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सांसद आदित्य यादव ने अपने दौरे की शुरुआत विधानसभा क्षेत्र बिल्सी के कस्बा उझानी स्थित डॉ भीमराव अम्बेडकर पार्क से की, जहां उन्होंने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। इसके बाद वे बदायूं शहर स्थित अम्बेडकर पार्क पहुंचे और वहां उपस्थित लोगों के साथ श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके उपरांत उन्होंने बिल्सी क्षेत्र के होली चौक स्थित अम्बेडकर पार्क में आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया तथा जनसमूह से संवाद किया। विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने उनका स्वागत किया।

महराजगंज में अम्बेडकर जयंती की धूम, जिले भर में जानिये कैसे निकली भव्य शोभा यात्राएं

ग्राम गंधरौली में मुख्य सभा और संबोधन

सहसवान विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गंधरौली में आयोजित सभा कार्यक्रम का प्रमुख केंद्र रही, जहां बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। यहां सांसद आदित्य यादव ने बाबा साहब के जीवन, संघर्ष और विचारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अम्बेडकर का जीवन सामाजिक क्रांति का प्रतीक है, जिसने वंचित और शोषित वर्गों को अधिकार दिलाए। उन्होंने कहा कि संविधान देश की आत्मा है, जो समानता, स्वतंत्रता और न्याय की गारंटी देता है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज संविधान की मूल भावना को कमजोर करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

सरकार पर आरोप और स्थानीय मुद्दों का उठाया

सांसद ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा की नीतियां कमजोर वर्गों के अधिकारों को प्रभावित कर रही हैं। उन्होंने आरक्षण व्यवस्था को कमजोर करने और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर दबाव डालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बदायूं में किसान अपनी फसलों का उचित मूल्य पाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जबकि बेरोजगारी युवाओं के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी भी गंभीर समस्या है। सरकार केवल प्रचार तक सीमित है।

Fatehpur News: फतेहपुर में कबीर जयंती का उल्लास, समरसता का अनुपम संगम

अन्य विधानसभा क्षेत्रों के कार्यक्रमों में सहभागिता

इसके बाद सांसद बिसौली विधानसभा क्षेत्र के फैजगंज बेहटा पहुंचे, जहां उन्होंने अम्बेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इसके बाद वे गुन्नौर क्षेत्र के गवां पहुंचे, जहां जयंती पर निकाली गई शोभायात्रा में शामिल हुए और जनता का अभिवादन किया।

Location :  Budaun

Published :  14 April 2026, 5:29 PM IST