“हम मरेंगे तो कुछ करके मरेंगे” सपा के घोषणा पत्र कार्यक्रम में आजम खान भावुक, सुनाई जेल की कहानी

समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता आजम खान ने जेल में बिताए समय और अपने राजनीतिक संघर्ष का जिक्र किया। उन्होंने मुलायम सिंह यादव के साथ अपने पुराने रिश्ते को याद करते हुए अखिलेश यादव का साथ देने की बात कही। वहीं, ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन पर निशाना साधते हुए खुद को वोट जुड़वा बताया।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 26 November 2026, 4:34 PM IST

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र जारी करने के कार्यक्रम में वरिष्ठ सपा नेता आजम खान ने अपने संबोधन के दौरान कई अहम बातें कहीं। उन्होंने जेल में बिताए समय, मुलायम सिंह यादव के साथ अपने राजनीतिक सफर और अखिलेश यादव के साथ खड़े रहने का जिक्र किया। इस दौरान आजम खान भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि हम मरेंगे तो कुछ करके मरेंगे। वहीं, असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग समाजवादी पार्टी का खेल बिगाड़ना चाहते हैं।

हम बड़े सख्त जान थे, जो आज जिंदा खड़े हैं

समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र कार्यक्रम को सबसे पहले संबोधित करते हुए आजम खान ने जेल में बिताए समय और अपने संघर्ष का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि साढ़े पांच वर्षों तक जेल की कोठरी में रहने का उनके दिल और दिमाग पर असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि वह नफरत और घृणा के दौर से गुजरे हैं।

आजम खान ने कहा, "मुझ पर जितने जुल्म हुए हैं, कोई कमजोर इंसान होता, तो वह मर जाता। मैंने आधी सदी नेताजी के साथ गुजारी है। आपके सामने आधा जिंदा इंसान हूं।"

उन्होंने आगे कहा कि वह बड़े सख्त जान थे, जो आज लोगों के सामने जिंदा खड़े हैं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि हम मरेंगे तो कुछ करके मरेंगे।

50 साल नेताजी के साथ रहा, अब अखिलेश के साथ हूं

आजम खान ने मुलायम सिंह यादव के साथ अपने लंबे राजनीतिक सफर को याद करते हुए कहा कि उन्होंने 50 साल नेताजी के साथ बिताए हैं और अब वह अखिलेश यादव के साथ हैं।

समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र को लेकर भी आजम खान ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि यह महज एक मैनिफेस्टो नहीं है और न ही कोई आसमानी किताब है कि जो लिख दिया गया है, सिर्फ वही होगा। उन्होंने कहा कि घोषणा पत्र में जो नहीं लिखा गया है, वह भी होगा।

ओवैसी और चंद्रशेखर के गठबंधन पर साधा निशाना

आजम खान ने असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग समाजवादी पार्टी का राजनीतिक खेल बिगाड़ना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि हम वोट कटवा नहीं, बल्कि वोट जुड़वा हैं।

ओवैसी पर निशाना साधते हुए आजम खान ने कहा कि कुछ लोग समाजवादी पार्टी की सरकार बनने से रोकना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोग न तो खुद सरकार बना सकते हैं और न ही किसी की सरकार बनवा सकते हैं, बल्कि दूसरों की सरकार बनने से रोकते हैं।

Location :  Lucknow

Published :  26 November 2026, 4:31 PM IST