हिंदी
प्रतीकात्मक छवि
Etawah: इटावा के चकरनगर क्षेत्र में गत दिवस सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। लखना-सिंडौस मार्ग पर क्रिकेट स्टेडियम के पास डिभौली मोड़ पर सवारियों से भरा ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
ऑटो में कुल नौ लोग सवार थे। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर सभी यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को सीएचसी राजपुर पहुंचाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऑटो में सीएनजी किट लगी थी। खाई में गिरने के बाद गैस रिसाव शुरू हो गया और कुछ ही देर में वाहन में भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंचा।
फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक ऑटो पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। थाना प्रभारी बलराम मिश्रा ने बताया कि हादसे के बाद शॉर्ट सर्किट या गैस रिसाव की वजह से आग लगी थी। मामले की जांच की जा रही है।
हादसे में घायल लोगों में नीतेश भदौरिया, माधवी कुशवाह और सोनम चौहान की हालत गंभीर बताई जा रही है। डॉक्टरों के मुताबिक नीतेश का पैर टूट गया है, जबकि दोनों छात्राओं का इलाज जारी है। छह अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं।
ऑटो में सवार पांच छात्र महेवा स्थित हरिश्चंद डिग्री कॉलेज में बीएससी प्रथम वर्ष द्वितीय सेमेस्टर की हिंदी की अंतिम परीक्षा देने जा रहे थे। हादसे के कारण सभी छात्र परीक्षा देने से वंचित रह गए।
Location : Etawah
Published : 18 May 2026, 1:57 PM IST
Topics : Auto Etawah Exam Road Accident Student