औरैया के फफूँद थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद! केशमपुर स्थित एम. पैलेस की सुरक्षा के लिए दीवार पर लगा कीमती CCTV कैमरा ही उखाड़ ले गए शातिर चोर। घटना से स्थानीय व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल और पुलिस गश्त पर उठे सवाल।

औरैया: CCTV चोरी की वारदात (Source: Dynamite News)
Auraiya: औरैया जिले के फफूँद थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि अब वे सुरक्षा के लिए लगाए गए उपकरणों को ही अपना निशाना बनाने लगे हैं। ताजा मामला ग्राम केशमपुर का है, जहाँ एक एम. पैलेस परिसर में घुसकर चोरों ने दीवार पर लगा कीमती सीसीटीवी कैमरा चोरी कर लिया। इस घटना के बाद से स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों में असुरक्षा का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम केशमपुर निवासी लल्लन बब्बू ने अपने प्रतिष्ठान 'एम. पैलेस' की सुरक्षा और देखरेख के लिए परिसर में आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगवाए थे। शनिवार की दरमियानी रात किसी शातिर चोर ने पैलेस की बाउंड्री वॉल फांदकर अंदर प्रवेश किया। बेखौफ चोर ने दीवार पर लगे एक कीमती कैमरे को उखाड़ लिया और मौके से फरार हो गया।
रविवार सुबह जब पैलेस संचालक लल्लन बब्बू मौके पर पहुंचे और दीवार से कैमरा गायब देखा, तो उनके होश उड़ गए। संचालक ने तुरंत आसपास के क्षेत्र में छानबीन की, लेकिन चोर का कोई सुराग नहीं लगा। घटना के संबंध में पीड़ित ने थानाध्यक्ष फफूँद को लिखित प्रार्थना पत्र सौंपकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित ने पुलिस से जल्द से जल्द रिपोर्ट दर्ज कर चोर की गिरफ्तारी और सामान की बरामदगी सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में छोटी-मोटी चोरियों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। लोगों का आरोप है कि रात के समय गश्त न होने के कारण चोरों के मन से पुलिस का खौफ खत्म होता दिख रहा है। फिलहाल, फफूँद पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है और आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी तक पहुँचा जा सके।