
कमरे में बाल पकड़कर पिटाई (Img : Google)
प्रयागराज से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहीं दो छात्राओं के साथ लॉज के अंदर ही हैवानियत की गई। आरोप है कि लॉज मालिक का बेटा देर रात कमरे में घुसने की कोशिश करता रहा और विरोध करने पर बाल पकड़कर बेरहमी से पिटाई कर दी। मामला इतना बढ़ा कि चाकू तक पहुंच गया और छात्राओं ने किसी तरह जान बचाकर पुलिस को सूचना दी।
यह घटना प्रयागराज के शिवकुटी थाना क्षेत्र के शंकरघाट इलाके की है। यहां एक लॉज में कई छात्राएं रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही हैं। अमेठी की रहने वाली 27 वर्षीय छात्रा ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि वह पिछले दो महीने से इसी लॉज में रह रही थी और हाल ही में एसएससी जूनियर असिस्टेंट परीक्षा पास की है। अब उसका डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन चल रहा है, इसलिए वह यहीं रुकी हुई थी।
छात्रा का आरोप है कि लॉज मालिक का बेटा शुभम द्विवेदी पिछले कई दिनों से उसे गंदी नीयत से परेशान कर रहा था। वह लगातार फोन कॉल और मैसेज कर रहा था और उसके कमरे में आने की कोशिश भी करता था। छात्रा के अनुसार, पिछले करीब 10 दिनों से यह सिलसिला जारी था, जिससे वह काफी डर और तनाव में थी।
छात्रा ने बताया कि 18 मई की रात करीब 2 बजे शुभम शराब के नशे में उसके कमरे के बाहर पहुंच गया और दरवाजा पीटने लगा। जब उसने दरवाजा नहीं खोला तो आरोपी ने कमरे को बाहर से बंद करने की कोशिश की। इस दौरान बगल में रहने वाली एक अन्य छात्रा को भी परेशान किया गया और उसके कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया गया।
डर के माहौल में दोनों छात्राएं मदद के लिए चिल्लाने लगीं। इसी दौरान आरोपी की मां भी मौके पर पहुंची। इसके बाद दरवाजा खोला गया, लेकिन बहस बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि शुभम ने किचन से चाकू उठा लिया और दोनों छात्राओं पर हमला करने की कोशिश की, जिससे उन्हें चोटें आईं।
छात्रा ने यह भी बताया कि जब उसने अपने चचेरे भाई को बुलाया और डायल 112 पर कॉल किया, तब पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन पुलिस के सामने भी आरोपी ने टूटे हुए ग्लास से हमला करने की कोशिश की और जान से मारने की धमकी दी। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
शिवकुटी थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया था। बाद में उसे कोर्ट से जमानत मिल गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
Location : Prayagraj
Published : 20 May 2026, 7:42 PM IST