हिंदी
प्रतीक यादव ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए भावुक लेकिन तीखे शब्दों में अपनी पीड़ा जाहिर की। उन्होंने लिखा कि वह जल्द से जल्द अपर्णा यादव से तलाक लेने जा रहे हैं। प्रतीक का आरोप है कि उनकी पत्नी की वजह से परिवार के भीतर लगातार तनाव बढ़ता गया।
अपर्णा यादव (Img: Google)
Lucknow: यादव परिवार से जुड़ी एक निजी खबर इन दिनों चर्चा में है। अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव और उनकी पत्नी अपर्णा यादव के रिश्ते अब कठिन दौर से गुजर रहे हैं। सोशल मीडिया पर सामने आए एक बयान के बाद दोनों के बीच मतभेद गहरे हो चुके हैं। प्रतीक यादव ने अपनी पत्नी पर परिवार के भीतर तनाव बढ़ाने और रिश्तों को नुकसान पहुंचाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं।
प्रतीक यादव ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए भावुक लेकिन तीखे शब्दों में अपनी पीड़ा जाहिर की। उन्होंने लिखा कि वह जल्द से जल्द अपर्णा यादव से तलाक लेने जा रहे हैं। प्रतीक का आरोप है कि उनकी पत्नी की वजह से परिवार के भीतर लगातार तनाव बढ़ता गया और रिश्तों में ऐसी कड़वाहट आई। जिसने पूरे घर का माहौल बिगाड़ दिया। उन्होंने कहा कि अपर्णा यादव ने उनके मानसिक स्वास्थ्य पर भी गहरा असर डाला।
प्रतीक यादव ने बताया कि शादी के बाद हालात धीरे-धीरे बिगड़ते चले गए। उनके मुताबिक, परिवार के साथ उनके संबंध कमजोर होते गए और घर में हर मुद्दे पर टकराव की स्थिति बनने लगी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी परिवार के प्रति संवेदनशील नहीं रहीं। वह अपनी प्रसिद्धि और प्रभाव बढ़ाने में लगी रहीं। उन्होंने कहा कि अब वह इस रिश्ते को आगे नहीं खींचना चाहते। अलग होकर नई शुरुआत करना चाहते हैं।
2011 में हुई थी भव्य शादी
प्रतीक यादव और अपर्णा यादव की शादी साल 2011 में हुई थी। यह शादी उस समय काफी चर्चा में रही थी। समारोह में समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की मौजूदगी के साथ-साथ बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन भी शामिल हुए थे। दोनों की दो बेटियां हैं, जो इस रिश्ते की सबसे बड़ी कड़ी मानी जाती हैं। दिलचस्प बात यह है कि 4 दिसंबर 2025 को अपर्णा यादव के जन्मदिन के मौके पर प्रतीक यादव उनके साथ नजर आए थे।
कौन हैं प्रतीक यादव?
प्रतीक यादव, समाजवादी परिवार से ताल्लुक रखते हैं और दिवंगत मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे हैं। उन्होंने अपनी उच्च शिक्षा यूके से पूरी की है। यूपी के सबसे प्रभावशाली राजनीतिक परिवार में जन्मे प्रतीक यादव व्यवसाय के क्षेत्र में भी सक्रिय हैं। वह रियल एस्टेट और फिटनेस इंडस्ट्री से जुड़े हैं। लखनऊ में द फिटनेस प्लैनेट नामक जिम के मालिक हैं। वह जीव आश्रय संस्था चलाते हैं। यह संस्था सड़क पर रहने वाले कुत्तों का इलाज, देखभाल, भोजन और रेस्क्यू करती है।
कौन हैं अपर्णा यादव?
अपर्णा यादव समाजवादी परिवार की छोटी बहू हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीतिक हलकों में पहचान रखती हैं। उनकी शादी प्रतीक यादव से हुई है। अपर्णा का जन्म 1 जनवरी, 1990 को हुआ था। उनके पिता अरविंद सिंह बिष्ट मीडिया क्षेत्र से जुड़े थे। उनकी मां अंबी बिष्ट एक अधिकारी हैं। अपर्णा ने अपनी स्कूली पढ़ाई लखनऊ के लोरेटो कॉन्वेंट से की। विधानसभा चुनाव-2022 से पहले वह भाजपा में शामिल हुई थीं। लखनऊ की सरोजिनी नगर सीट से पार्टी का टिकट पाने की कोशिश भी की। हालांकि उन्हें टिकट नहीं मिला।