लखनऊ के बाबा बुद्धेश्वर मंदिर में फिर चोरी, चार दिन में दूसरी वारदात से मचा हड़कंप

लखनऊ के पारा स्थित प्रसिद्ध बाबा बुद्धेश्वर मंदिर में एक बार फिर चोरी की वारदात सामने आई है। इस बार अज्ञात चोर श्रद्धालुओं के दान से भरा दानपात्र उठाकर फरार हो गए। चार दिन के भीतर मंदिर में यह दूसरी चोरी है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 12 July 2026, 4:49 PM IST

Lucknow : मशहूर बाबा बुद्धेश्वर मंदिर में एक बार फिर चोरों ने पुलिस और सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी। सुबह जब मंदिर के कपाट खुले तो श्रद्धालुओं के दान से भरा दानपात्र अपनी जगह से गायब मिला। लगातार चार दिन के भीतर दूसरी चोरी की घटना ने मंदिर प्रशासन के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी हैरान कर दिया है। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज के सहारे आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

सुबह खुला मंदिर तो गायब मिला दानपात्र

जानकारी के मुताबिक, पारा थाना क्षेत्र स्थित बाबा बुद्धेश्वर मंदिर में रविवार सुबह पुजारी रोज की तरह मंदिर के कपाट खोलने पहुंचे। इस दौरान मुख्य प्रवेश द्वार के पास नारियल फोड़ने वाली जगह पर रखा दानपात्र अपनी जगह से गायब मिला। दानपात्र में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए हजारों रुपये होने का अनुमान लगाया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर प्रबंधन ने तुरंत पारा पुलिस को सूचना दी।

सराफा बाजार में सोने-चांदी की लगातार दूसरे दिन तेजी, लखनऊ में 22 कैरेट का दाम 1,32,910 रुपये, जानें आज का ताजा भाव

चार दिन में दूसरी चोरी से बढ़ी चिंता

यह पहली बार नहीं है जब मंदिर को चोरों ने निशाना बनाया हो। इससे महज चार दिन पहले मंदिर से घंटा चोरी होने की घटना सामने आई थी। उस मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मंदिर के एक सेवकदार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। अब दोबारा हुई चोरी ने मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रही घटनाओं से श्रद्धालुओं में भी नाराजगी देखी जा रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलते ही पारा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। इसके साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

Location :  Lucknow

Published :  12 July 2026, 4:49 PM IST