
कोर्ट के आदेश से एफआईआर दर्ज (सोर्स- Pinterest)
Amroha: अमरोहा से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां कानून के रखवाले ही कानून को ताक पर रखते नजर आए। मिली जानकारी के अनुसार, दो मई की रात करीब 9:20 बजे नवनीत कुमार अपनी कार से अमरोहा से अपने गांव शहबाजपुर कलां लौट रहे थे।
रास्ते में हुमायूं नगर पुल के नीचे सर्विस रोड पर बिजलीघर के सामने एक कार गलत दिशा में खड़ी थी। उस कार की हाईबीम हेडलाइट जल रही थी, जिससे सामने से आने वाले वाहन चालकों को देखने में परेशानी हो रही थी। नवनीत ने अपनी गाड़ी की लाइट से डिपर देकर सामने वाले चालक को लाइट नीच करने का संकेत दिया, लेकिन जब चालक ने ऐसा नहीं किया, तो नवनीत ने अपनी कार रोक दी और इसका कारण पूछने के लिए आगे बढ़े।
Pratapgarh: पंखा बंद करने गई थी महिमा, अचानक हुआ कुछ ऐसा कि दो बेटियां रह गईं मां के बिना
रिपोर्ट के मुताबिक, जब नवनीत ने कार सवारों से इस हरकत का विरोध किया, तो अंदर बैठे लोगों का रवैया बेहद आक्रामक था। कार के अंदर दो लोग मौजूद थे और उनके पास शराब की बोतल व गिलास रखे हुए थे।
जब नवनीत ने पूछताछ की, तो चालक ने अपना परिचय देते हुए खुद को आगरा में तैनात पुलिस इंस्पेक्टर निरंजन सिरोही बताया। साथ ही उसने अपने साथ बैठे दूसरे व्यक्ति का परिचय अपने भाई धीरेंद्र सिरोही के रूप में दिया। आरोप है कि खाकी की धौंस दिखाते हुए दोनों ने युवक के साथ अभद्रता की, जमकर गालीगलौज की और मारपीट शुरू कर दी। इतना ही नहीं, झड़प के दौरान पीड़ित की ढाई तोले वजनी सोने की चेन भी छीन ली गई।
घटनास्थल पर हंगामा होते देख आसपास के लोग और राहगीर तुरंत मौके पर इकट्ठा हो गए, जिन्होंने बीच-बचाव कराकर मामले को शांत कराया। इसके बाद पीड़ित ने न्याय के लिए कानूनी रास्ता अपनाया।
स्थानीय पुलिस स्तर पर तुरंत सुनवाई न होने पर अदालत का दरवाजा खटखटाया गया। कोर्ट के सख्त आदेश के बाद अब अमरोहा पुलिस हरकत में आ गई है और संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। इस मामले पर बात करते हुए सीओ सिटी डॉ प्रदीप कुमार ने मीडिया को जानकारी दी कि अदालत के निर्देशानुसार प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Amroha
Published : 19 September 2026, 11:29 AM IST