इलाज के लिए नहीं भटकेंगे गरीब! अमेठी में आयुष्मान योजना ने बदली हजारों परिवारों की जिंदगी

आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में अमेठी जिले ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। फैमिली कवरेज के मामले में अमेठी को यूपी में छठा स्थान मिला है। जिले में अब तक 67,759 मरीजों का मुफ्त इलाज हुआ और 97 करोड़ रुपये से ज्यादा का भुगतान किया गया।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 8 August 2026, 3:22 AM IST
google-preferred

Amethi : जिले ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में जिले ने प्रदेश स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाई है। फैमिली कवरेज के मामले में अमेठी को उत्तर प्रदेश में छठा स्थान मिला है। जिले में अब तक हजारों मरीजों को इस योजना के तहत मुफ्त इलाज मिल चुका है, जिससे गरीब और जरूरतमंद परिवारों को बड़ी आर्थिक राहत मिली है।

67 हजार से ज्यादा मरीजों को मिला मुफ्त इलाज

मुख्य चिकित्सा अधिकारी अमेठी डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि जिले में आयुष्मान भारत योजना के तहत अब तक 67,759 लाभार्थियों का सूचीबद्ध अस्पतालों में निःशुल्क उपचार कराया जा चुका है।

इन मरीजों के इलाज के लिए अस्पतालों को 97 करोड़ 29 लाख रुपये से अधिक का भुगतान किया गया है। योजना के जरिए गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हजारों परिवारों को इलाज के खर्च से राहत मिली है।

अमेठी में ग्रामीण श्रमिकों को बड़ा तोहफा, अब 100 की जगह 125 दिन का रोजगार, 300 हुई दिहाड़ी

9 लाख से ज्यादा लाभार्थी योजना के दायरे में

सीएमओ ने बताया कि अमेठी जिले में कुल 2,16,814 परिवारों के 9,37,032 लाभार्थी आयुष्मान भारत योजना में शामिल हैं। इनमें से अब तक 6,24,529 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं।

उन्होंने कहा कि बाकी पात्र लोगों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है, ताकि कोई भी जरूरतमंद परिवार स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रहे।

आयुष्मान कार्ड में सुधार की भी सुविधा

अब आयुष्मान कार्ड में दर्ज गलतियों को भी आसानी से सुधारा जा सकता है। लाभार्थी बेनिफिशियरी डेटा मैनेजमेंट पोर्टल के माध्यम से अपने नाम, पता, जन्मतिथि या अन्य विवरण में संशोधन करा सकते हैं।

इसके लिए लाभार्थियों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर निर्धारित आवेदन पत्र और जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे। सत्यापन के बाद कार्ड में सुधार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

पात्र लोगों से जल्द कार्ड बनवाने की अपील

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जिले के लोगों से अपील की है कि जिन पात्र लाभार्थियों का अभी तक आयुष्मान कार्ड नहीं बना है, वे जल्द से जल्द अपना कार्ड बनवाएं।

उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड होने से जरूरत के समय कैशलेस इलाज की सुविधा मिलती है और मरीजों को आर्थिक परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।

गरीब परिवारों के लिए बड़ा सहारा बनी योजना

आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना को गरीब और कमजोर वर्ग के परिवारों के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुरक्षा योजना माना जा रहा है। अमेठी में इस योजना के बेहतर क्रियान्वयन से हजारों परिवारों को इलाज की सुविधा मिली है और जिले ने प्रदेश स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है।

Location :  Amethi

Published :  8 August 2026, 3:22 AM IST

Related News

Advertisement