
Amethi News: अमेठी में नर्सिंग छात्रा दीप्ति यादव की मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। जिस मामले को पुलिस ने शुरुआती जांच में आत्महत्या बताया था, अब उसी मामले में मृतका की मां की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। इंदिरा गांधी स्कूल एंड कॉलेज ऑफ नर्सिंग के प्रिंसिपल और हॉस्टल वार्डन के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। छात्रा की मौत को लेकर परिजनों ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पूरा मामला अमेठी के मुंशीगंज थाना क्षेत्र स्थित इंदिरा गांधी स्कूल एंड कॉलेज ऑफ नर्सिंग का है। शुक्रवार को यहां GNM तृतीय वर्ष की छात्रा दीप्ति यादव का शव हॉस्टल के कमरे में पंखे से लटका मिला था। दीप्ति सुल्तानपुर जिले के बलदीराय थाना क्षेत्र के सादुल्लापुर गांव की रहने वाली थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
मृतका की मां सुनीता यादव ने मुंशीगंज थाने में तहरीर देकर बेटी की मौत को हत्या बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी के साथ कुछ गलत करने के बाद उसकी हत्या की गई है। सुनीता के मुताबिक, घटना वाले दिन उनकी बेटी से फोन पर बात हुई थी। दीप्ति ने बताया था कि वह राखी के त्योहार पर घर नहीं आ पाएगी और छोटी बहन से भाई को राखी बंधवा देने की बात कही थी। इसके बाद दोपहर में हॉस्टल वार्डन नेहा शुक्ला का फोन आया कि दीप्ति की हालत गंभीर है और उन्हें तुरंत कॉलेज पहुंचना होगा।
मृतका की मां ने आरोप लगाया कि जब वह अपने पति और परिवार के साथ कॉलेज पहुंचीं तो उन्हें बताया गया कि दीप्ति ने फांसी लगा ली है और शव पुलिस ले जा चुकी है। परिजनों का कहना है कि जिस कमरे में छात्रा का शव मिलने की बात कही गई, वहां पहुंचने पर उन्हें कुछ संदिग्ध लगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रशासन ने उन्हें शव भी नहीं दिखाया और पोस्टमार्टम के लिए पुलिस को सौंप दिया। सुनीता यादव ने कहा कि उनकी बेटी के साथ न्याय होना चाहिए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री से भी कार्रवाई की मांग की है।
मामले में अमेठी पुलिस ने अब प्रिंसिपल और वार्डन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Amethi
Published : 29 August 2026, 4:43 PM IST
Topics : Amethi Student Murder Case amethi murder case amethi news Amethi Police Nursing Student Death