‘125 में 125 अंक’, अमेठी पुलिस ने कैसे कर दिया ये कमाल? 10वीं बार यूपी में नंबर-1

अमेठी पुलिस ने जनशिकायतों के निस्तारण में एक बार फिर पूरे उत्तर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। अगस्त की आईजीआरएस मासिक रैंकिंग में अमेठी को 125 में 125 अंक मिले हैं। जिले ने लगातार 10वीं बार प्रदेश में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 2 September 2026, 10:01 AM IST

Amethi: अमेठी पुलिस ने जनशिकायतों के निस्तारण में लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए एक और उपलब्धि हासिल की है। उत्तर प्रदेश शासन की ओर से जारी अगस्त माह की आईजीआरएस (एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली) रैंकिंग में अमेठी को प्रदेश में प्रथम स्थान मिला है।

शिकायतों के समय पर और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के आधार पर जिले को अधिकतम 125 में से पूरे 125 अंक मिले। इस तरह अमेठी पुलिस ने 100 प्रतिशत स्कोर हासिल किया। यह उपलब्धि लगातार 10वीं बार मिली है।

2230 शिकायतें मिलीं, 2033 ने जताई संतुष्टि

अगस्त महीने में अमेठी पुलिस को आईजीआरएस के माध्यम से कुल 2230 शिकायतें प्राप्त हुईं। पुलिस विभाग की ओर से इन शिकायतों के निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया गया।आंकड़ों के अनुसार, कुल 2033 शिकायतकर्ताओं ने निस्तारण के बाद संतोषजनक फीडबैक दिया। यानी करीब 91.17 प्रतिशत शिकायतकर्ता पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नजर आए। वहीं 197 शिकायतकर्ताओं ने असंतोषजनक प्रतिक्रिया दी, जो कुल शिकायतों का करीब 8.83 प्रतिशत है।

ये भी पढ़ें: Amethi News: सवा लाख श्रद्धालुओं की भीड़, फिर भी जीरो एक्सीडेंट; कैसे?

गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर

पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी ने बताया कि शासन की मासिक रैंकिंग में शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता, समयबद्ध कार्रवाई और शिकायतकर्ता के फीडबैक को महत्वपूर्ण आधार माना जाता है।

उन्होंने कहा कि अमेठी पुलिस का प्रयास है कि थानों पर आने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और उसका नियमानुसार समय से निस्तारण किया जाए। इसी प्रयास का परिणाम है कि जिले ने एक बार फिर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है।

19 में से 17 थाने रहे आगे

अमेठी जिले में कुल 19 थाने हैं। इनमें से 17 थानों ने जनशिकायतों के निस्तारण में प्रथम स्थान हासिल किया। हालांकि रामगंज और पीपरपुर थाने इस बार शीर्ष स्थान पाने से चूक गए। इसके बावजूद जिले के सभी थानों का शिकायत निस्तारण प्रदर्शन संतोषजनक रहा। पुलिस अधिकारियों ने आने वाले समय में शिकायतों के निस्तारण के साथ शिकायतकर्ताओं से मिलने वाले फीडबैक को और बेहतर करने पर जोर दिया है।

ये भी पढ़ें: Amethi News: तीन दिन से लापता थी महिला, नदी के लकड़ी के पुल में फंसा मिला शव; मौत की गुत्थी ने चौंकाया

पुलिसकर्मियों की हुई सराहना

प्रदेश में पहला स्थान हासिल करने के बाद पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने आईजीआरएस से जुड़े पुलिसकर्मियों की सराहना की। उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय और विभिन्न थानों में तैनात कर्मचारियों के कार्य की प्रशंसा करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।

पुलिस अधीक्षक ने सभी कर्मचारियों से आगे भी इसी तरह मेहनत और जिम्मेदारी के साथ काम करने की अपील की। साथ ही असंतोषजनक फीडबैक के मामलों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत बताई, ताकि भविष्य में शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि का स्तर और बेहतर हो सके।

Location :  Amethi

Published :  2 September 2026, 10:01 AM IST