वाराणसी कोर्ट में POCSO केस का बड़ा खेल! फर्जी महिला की पेशी से मचा हड़कंप

वाराणसी के सारनाथ क्षेत्र से जुड़े एक POCSO मामले में कोर्ट में फर्जी पेशी और धमकी देने के आरोप सामने आए हैं। शिकायत के आधार पर कैंट पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 28 May 2026, 1:17 PM IST

Varanasi : जिले में कोर्ट परिसर के अंदर फर्जी पहचान के सहारे पेशी और धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि POCSO एक्ट से जुड़े एक केस में आरोपी की जगह किसी और महिला ने अदालत में पहुंचकर न सिर्फ फर्जी हस्ताक्षर किए बल्कि पीड़ित पक्ष पर सुलह का दबाव भी बनाया और जान से मारने की धमकी दी।

मामला क्या है

सारनाथ थाना क्षेत्र के आशापुर निवासी दीनानाथ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बहू मैना देवी की शिकायत पर दर्ज POCSO केस में मुख्य आरोपी आदित्य उर्फ गोलू साहनी फरार चल रहा है। अदालत की ओर से उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया जा चुका है और धारा 82 के तहत कार्रवाई भी हो चुकी है, लेकिन आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

फर्जी पेशी का आरोप

शिकायत के मुताबिक 4 मई 2026 को विशेष न्यायाधीश POCSO प्रथम की अदालत में आरोपी सरिता साहनी को पेश होना था। आरोप है कि उसकी जगह उसकी बड़ी बहन सुनीता देवी साहनी कोर्ट पहुंची और खुद को सरिता बताते हुए वकालतनामा और प्रार्थना पत्र पर हस्ताक्षर कर दिए। पीड़ित पक्ष का दावा है कि यह पूरी घटना कोर्ट परिसर और बरामदे में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है।

वाराणसी में हिरासत के बाद बिगड़ी सुभासपा नेता की तबीयत, हाईवे पर बवाल; आखिर क्यों सस्पेंड हुआ थाना प्रभारी?

धमकी और दबाव का आरोप

दीनानाथ ने आरोप लगाया कि कोर्ट परिसर में ही उन्हें केस वापस लेने और सुलह करने का दबाव बनाया गया। विरोध करने पर परिवार समेत जान से मरवाने की धमकी दी गई और गाली-गलौज भी की गई, जिससे वे दहशत में आ गए।

पुलिस जांच शुरू

पीड़ित की शिकायत पर पहले पुलिस आयुक्त स्तर पर भी मामला पहुंचा था, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर कैंट थाने में FIR दर्ज की गई। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और CCTV फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Varanasi

Published :  28 May 2026, 1:17 PM IST