वाराणसी में हिरासत के बाद बिगड़ी सुभासपा नेता की तबीयत, हाईवे पर बवाल; आखिर क्यों सस्पेंड हुआ थाना प्रभारी?

वाराणसी में पुलिस हिरासत के बाद सुभासपा नेता महेश राजभर की तबीयत बिगड़ने पर समर्थकों ने हाईवे जाम कर हंगामा किया। मामले ने तूल पकड़ने पर फूलपुर थाना प्रभारी को निलंबित कर जांच के आदेश दिए गए।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 25 May 2026, 12:50 PM IST
google-preferred

Varanasi : वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र में रविवार को उस समय तनाव फैल गया, जब पुलिस हिरासत में लिए गए सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के नेता महेश राजभर की अचानक तबीयत बिगड़ गई। पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन खबर फैलते ही बड़ी संख्या में समर्थक अस्पताल पहुंच गए।

समर्थकों ने लगाया दुर्व्यवहार का आरोप

महेश राजभर सुभासपा युवा मंच में प्रदेश उपाध्यक्ष बताए जा रहे हैं। उनके समर्थकों ने पुलिस पर मारपीट और दुर्व्यवहार का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। देखते ही देखते माहौल गरमा गया और नाराज कार्यकर्ताओं ने वाराणसी-बाबतपुर फोरलेन पर करीब 10 मिनट तक जाम लगा दिया।

मौके पर पहुंचा भारी पुलिस बल

स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस, डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद हाईवे पर यातायात बहाल हो सका।

SHO सस्पेंड, जांच के आदेश

मामले की गंभीरता को देखते हुए फूलपुर थाना प्रभारी अतुल कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। साथ ही पूरे प्रकरण की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।

पुराने हत्या केस से जुड़ा मामला

जानकारी के अनुसार, अप्रैल में घमहापुर गांव में हुई कारोबारी मनीष सिंह की हत्या के मामले में पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी केस में पुलिस ने महेश राजभर को पूछताछ के लिए बुलाया था। पूछताछ के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद विवाद बढ़ गया।

वाराणसी में बड़ा बवाल: नमो घाट पर गार्ड और पर्यटकों के बीच विवाद, युवक की पीट-पीटकर हत्या

परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

महेश राजभर और उनके परिजनों ने पुलिस पर अभद्रता और मारपीट के आरोप लगाए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और इलाके में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

Location :  Varanasi

Published :  25 May 2026, 12:50 PM IST

Advertisement