
Symbolic Photo (IMG: pinterest)
Bareilly: बरेली में एक विवाहिता ने अपने ही पति और ससुराल वालों पर जिंदगी बर्बाद करने का आरोप लगाकर सनसनी फैला दी है। महिला का आरोप है कि जिस पति ने निकाह के वक्त साथ निभाने का वादा किया था, वही दहेज का सामान बेचकर दुबई चला गया और उसे अकेला छोड़ दिया। इतना ही नहीं, महिला ने देवर पर गलत नीयत से कमरे में घुसने और जबरदस्ती करने की कोशिश का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है कि विरोध करने पर पति ने विदेश से फोन कर तीन बार तलाक बोल दिया। मामले में पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।:
कार की मांग को लेकर शुरू हुआ था विवाद
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका निकाह बरेली के किला थाना क्षेत्र के मलूकपुर निवासी ताज मियां के साथ हुआ था। महिला का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष ने दहेज में कार की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न किया जाने लगा।
महिला के मुताबिक, पति और ससुराल वालों के व्यवहार से परेशान होने के बावजूद उसने रिश्ता बचाने की कोशिश की, लेकिन हालात लगातार बिगड़ते गए। आरोप है कि इसी बीच पति ने दहेज में मिला सामान बेच दिया और इसके बाद दुबई चला गया।
पति के जाने के बाद देवर पर लगाए गंभीर आरोप
महिला का कहना है कि दुबई जाने से पहले पति ने कहा था कि उसकी देखभाल अब देवर करेगा। आरोप है कि इसी बात का फायदा उठाकर देवर हसीन उर्फ मुन्ना की नीयत खराब हो गई। महिला का दावा है कि उसने इस बारे में ननद और नंदोई को भी जानकारी दी, लेकिन मदद करने के बजाय उसके साथ मारपीट की गई। पीड़िता ने आरोप लगाया कि एक रात देवर उसके कमरे में घुस आया और उस पर गलत दबाव बनाने लगा। महिला ने विरोध किया और उसे धक्का देकर कमरे से बाहर निकाल दिया। इसके बाद उसने खुद को कमरे में बंद कर अपनी सुरक्षा की।
रिश्तेदार के घर पहुंची तो आया तलाक का फोन
घटना के बाद महिला डर के कारण अपने रिश्तेदार के घर चली गई। आरोप है कि वहीं दुबई से पति का फोन आया। महिला का कहना है कि पति ने फोन पर उसके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और तीन बार तलाक बोल दिया। पीड़िता के मुताबिक इस बातचीत के दौरान रिश्तेदार भी मौजूद था, जो इस घटना का गवाह है।
पति समेत चार लोगों पर मुकदमा दर्ज
महिला की शिकायत के आधार पर किला थाना पुलिस ने पति ताज मियां, देवर हसीन उर्फ मुन्ना, ननद रुबी और नंदोई शाकिर के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Bareilly
Published : 6 August 2026, 6:04 PM IST
Topics : Bareilly Crime News bareilly news Dowry Harassment Case Triple Talaq Case Uttar Pradesh Crime