Aligarh: दो दिसंबर को बजनी थी शहनाई, उससे पहले संदीप के घर छाया मातम; हाईटेंशन लाइन से करंट लगने से 2 की मौत

अलीगढ़ के कंचनपुर गांव में निर्माणाधीन मकान में सरिया खड़ा करते समय हाईटेंशन लाइन से करंट उतरने पर किशोर समेत दो की मौत हो गई। मृतक संदीप की दो दिसंबर को शादी होनी थी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 2 October 2026, 4:53 PM IST

Aligarh: उत्तरप्रदेश के अलीगढ़ जिले के दादों थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव में निर्माणाधीन मकान में काम करते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से किशोर समेत दो लोगों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब पिलर के लिए तैयार सरिया का जाल खड़ा किया जा रहा था। सरिया बिजली की लाइन से छू गया और जाल में करंट उतर गया।

सरिया खड़ा करते समय हुआ हादसा

कंचनपुर निवासी गौस मोहम्मद के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। बारिश में कच्चा मकान गिरने के बाद मलबा हटाकर नए मकान के पिलर के लिए सरिया का जाल तैयार किया जा रहा था। इसमें गौस मोहम्मद का 14 वर्षीय बेटा सैजुल और गांव के बदन सिंह का 20 वर्षीय बेटा संदीप कुमार मजदूरी कर रहे थे।

स्थानीय लोगों के अनुसार, जाल खड़ा करते समय सरिया मकान के सामने से गुजर रही हाईटेंशन लाइन से छू गया। करंट उतरने से दोनों गंभीर रूप से झुलस गए। आसपास के लोग दोनों को सांकरा के निजी चिकित्सक के पास ले गए। वहां से उन्हें छर्रा और फिर अलीगढ़ रेफर किया गया। जेएन मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

ये भी पढ़ें: अजय राय रहेंगे या बदले जाएंगे? यूपी कांग्रेस अध्यक्ष को बदलने की अटकलों ने बढ़ाई सियासी हलचल

2 दिसंबर को होनी थी संदीप की शादी

संदीप की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों के अनुसार, उसकी शादी दो दिसंबर को कासगंज के सोरों क्षेत्र के मिलकुनिया गांव निवासी युवती से होनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं। हादसे की खबर मिलने के बाद उसकी मंगेतर भी गांव पहुंची और परिजनों के साथ उसका रो-रोकर बुरा हाल रहा।

संदीप दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके पिता बदन सिंह दिल्ली में मजदूरी करते हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलने पर वह गांव के लिए रवाना हुए। घर पहुंचने के बाद पिता फफक पड़े। परिजन और ग्रामीण उन्हें ढांढस बंधाते रहे।

ये भी पढ़ें: दवा खाते ही बिगड़ी तबीयत, डॉक्टर बोला- यहां से ले जाओ! बदायूं में झोलाछाप की लापरवाही से नवविवाहिता की मौत

आठवीं कक्षा का छात्र था सैजुल

दूसरी ओर, 14 वर्षीय सैजुल गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय में कक्षा आठ का छात्र था। ग्रामीणों के मुताबिक वह पढ़ाई में अच्छा था। चार भाइयों में तीसरे नंबर के सैजुल की मौत से परिवार में भी मातम पसरा हुआ है।

ग्रामीणों ने गांव से गुजर रही हाईटेंशन लाइन के तारों को जर्जर और नीचे झूलता हुआ बताया है। ग्रामीण सत्य प्रकाश शाक्य के अनुसार, करीब एक वर्ष पहले भी फाल्ट की चपेट में आने से एक युवक झुलस गया था। ग्रामीण रेवाराम ने बताया कि कुछ दिन पहले एक लोडर वाहन पर बिजली का तार टूटकर गिर गया था, जिसमें तीन लोग झुलस गए थे।

ये भी पढ़ें: Saharanpur News: 30-40 हजार में खरीद, 1 लाख तक में बिक्री; अवैध हथियारों के खेल का STF ने किया भंडाफोड़

अवर अभियंता ने बताया 11 केवी लाइन से संपर्क

अवर अभियंता संदीप कुमार के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि लेंटर डालने के दौरान लोहे का सरिया 11 केवी सांकरा फीडर की लाइन के संपर्क में आया। करंट लगने से संदीप और सैजुल गंभीर रूप से झुलस गए और उपचार के लिए ले जाते समय उनकी मौत हो गई।

थाना प्रभारी विनोद कुमार के अनुसार, पुलिस मौके पर पहुंची थी। दोनों की मौत अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में हुई। परिजनों ने शवों का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।

Location :  aligarh

Published :  2 October 2026, 4:53 PM IST