
अखिलेश यादव
Lucknow : मैनपुरी के सीओ सिटी अशोक सिंह का मूंछ पर ताव देते हुए वायरल हुआ वीडियो सियासी चर्चा का हिस्सा बन गया है। वीडियो में सीओ अखिलेश यादव को ‘बताने’ की बात कहते नजर आए थे। इसी को लेकर लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से सवाल हुआ तो उन्होंने अपने अंदाज में जवाब देते हुए कहा, ‘उसकी मूंछें छोटी थीं।’ अखिलेश के इस तंज के बाद मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया। हालांकि वीडियो वायरल होने के बाद सीओ अशोक सिंह ने सफाई दी थी कि उनके वीडियो को क्रॉप करके प्रसारित किया गया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने समाजवादी छात्र सभा के छात्र जागरूकता अभियान का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी की छात्र सभा विश्वविद्यालयों और कैंपस में जाकर छात्रों से संवाद करेगी। इसका मकसद नई पीढ़ी को समाजवादी विचारधारा से जोड़ना और युवाओं के सुझावों को पार्टी की राजनीति का हिस्सा बनाना है।
अखिलेश ने कहा कि नई पीढ़ी की सोच अलग और नई है। ऐसे में छात्रों के बीच नई सोच और नई विचारधारा के साथ जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कैंपस में छात्रों से मिलने वाले सुझावों को समाजवादी पार्टी के घोषणापत्र में शामिल किया जाएगा।
अखिलेश यादव ने PDA को सामाजिक न्याय से जोड़ते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी पीड़ित, दुखी और अपमानित लोगों को साथ लाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि PDA का मतलब प्रेम, दया और अपनापन भी है।
उन्होंने कहा कि PDA के लोगों को जोड़कर सामाजिक न्याय का राज स्थापित करने की दिशा में काम किया जाएगा। अखिलेश ने दावा किया कि इसमें किसी के साथ भेदभाव नहीं होगा और नकारात्मक राजनीति से दूर रहकर लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाज में नफरत फैलाने वालों के बीच समाजवादी छात्र सभा ‘बंधु राष्ट्र’ का संदेश लेकर जाएगी। उन्होंने कहा कि Gen-Z और नई पीढ़ी के विचारों को साथ लेकर छात्र सभा युवाओं के बीच काम करेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार बनने के बाद छात्र संघों के समूह बनाकर छात्रों को विदेश भेजने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही दूसरे देशों में स्टूडेंट यूनियन के स्वरूप को समझने की दिशा में भी काम किया जाएगा।
समाजवादी छात्र सभा के अभियान में नीले रंग के इस्तेमाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि ब्लू कलर विचारधारा का रंग है और लोगों को जोड़ने का प्रतीक है। उन्होंने जीन्स को अन्याय के खिलाफ लड़ाई से जोड़ते हुए भाजपा पर भी निशाना साधा।
Location : Lucknow
Published : 8 September 2026, 3:45 PM IST