नीतीश कुमार पर अखिलेश यादव का तंज, बोले- पीएम बनकर रिटायर होना चाहिए था

अखिलेश यादव ने नीतीश कुमार के राज्यसभा में शपथ लेने पर बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री बनकर रिटायर होना चाहिए था। जयपुर में दिए बयान में उन्होंने बीजेपी की नीतियों और डबल इंजन सरकार पर भी सवाल उठाए।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 10 April 2026, 3:26 PM IST

Lucknow: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नीतीश कुमार के राज्यसभा में शपथ लेने पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा थी कि नीतीश कुमार प्रधानमंत्री बनकर राजनीति से रिटायर हों। अखिलेश ने कहा कि इंडिया गठबंधन के कई नेताओं की भी यही कोशिश थी कि नीतीश कुमार को प्रधानमंत्री बनाया जाए, लेकिन अब हालात ऐसे बन गए हैं कि वह राज्यसभा सदस्य के रूप में ही रिटायर होते नजर आ रहे हैं।

“बीजेपी ने दिया धोखा”

अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह नीतीश कुमार के साथ बड़ा धोखा है। उन्होंने कहा कि सिर्फ नीतीश ही नहीं, बल्कि उनके समर्थकों के साथ भी विश्वासघात हुआ है।

“जहां पीड़ा, वहां पीडीए”

शुक्रवार को जयपुर पहुंचे अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत में बीजेपी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा, “जहां बीजेपी है, वहां पीड़ा है और जहां पीड़ा है, वहां पीडीए है।” अखिलेश ने यह भी कहा कि वह जयपुर में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की सोच को मजबूत करने आए हैं।

शिक्षामित्र मानदेय बढ़ोतरी पर यूपी में सियासत तेज, अखिलेश यादव ने बताया ‘दिखावटी’ फैसला, सवालों में घिरी योगी सरकार

बीजेपी पर घोषणाओं को लेकर तंज

पश्चिम बंगाल चुनाव के लिए बीजेपी के घोषणापत्र पर टिप्पणी करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी के नेता कभी पीछे मुड़कर नहीं देखते। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन आज महंगाई के हिसाब से देखें तो किसानों की वास्तविक आय कितनी बढ़ी है, यह सवाल बना हुआ है।

डबल इंजन सरकार पर कटाक्ष

अखिलेश यादव ने ‘डबल इंजन सरकार’ की अवधारणा पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार विकास की रफ्तार बढ़ाने के बजाय आपस में टकराती नजर आती है। उन्होंने कहा कि एक ही पटरी पर चलने वाले इंजन आमने-सामने आकर टकरा रहे हैं, जिससे जनता को नुकसान हो रहा है।

“विकास नहीं, विनाश दे रही सरकार”…कन्नौज में अखिलेश यादव का भाजपा पर करारा हमला, जानें और क्या कहा?

विदेश नीति पर भी उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने भारत की विदेश नीति को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि अगर प्रधानमंत्री चाहें तो भारत को विश्वगुरु के रूप में स्थापित किया जा सकता है, लेकिन इसके लिए सही कदम उठाने जरूरी हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि कुछ मौके ऐसे थे, जहां भारत को और मजबूत भूमिका निभानी चाहिए थी।

Location :  Lucknow

Published :  10 April 2026, 3:26 PM IST