
दशहरे के मौके पर PDA वैन को हरी झंडी दिखाते हुए सपा प्रमुख (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow: आगामी विधानसभा चुनावों से पहले उत्तर प्रदेश की राजनीति में सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने लखनऊ में 'समाजवादी PDA यात्रा' की शुरुआत करते हुए विशेष 'PDA वैन' को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पार्टी इस यात्रा के जरिए राज्यभर में अपने राजनीतिक समीकरणों और मुद्दों को जनता के बीच ले जाने की तैयारी में है।
इस अवसर पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने प्रदेशवासियों को विजयादशमी (दशहरे) की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें निरंतर बुराई के खिलाफ संघर्ष करने और अच्छाई की विजय सुनिश्चित करने की प्रेरणा देता है।
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि आज हम सभी को यह दृढ़ संकल्प लेना चाहिए कि इस धरती से बुराई का हमेशा के लिए खात्मा किया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस सकारात्मक प्रयास की शुरुआत उत्तर प्रदेश की धरती से होनी चाहिए, क्योंकि यहां एक बड़ी राजनीतिक लड़ाई होने जा रही है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से आह्वान किया कि राज्य में PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्युक) को और अधिक मजबूत करने के लिए सभी को एकजुट होना होगा। साथ ही, उन्होंने भगवान श्री राम द्वारा दिखाए गए 'राम राज्य' के मार्ग का अनुसरण करते हुए एक ऐसे समाज के निर्माण पर बल दिया जो पूरी तरह से सामाजिक न्याय की नींव पर आधारित हो।
PDA वैन के सामने नारियल फोड़ते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
सपा प्रमुख ने मौजूदा सरकार की नीतियों और आर्थिक बदहाली पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार महंगाई और बेरोजगारी बढ़ती जा रही है, लेकिन आम जनमानस के जीवन स्तर में कोई सुधार देखने को नहीं मिल रहा है।
अपनी बात को स्पष्ट करते हुए उन्होंने एक वाकया साझा किया कि आज सुबह ही एक पत्रकार ने उन्हें फोन करके जानकारी दी कि बाजारों से रौनक पूरी तरह गायब हो चुकी है। बाजारों में यह मंदी इसलिए है क्योंकि आज आम जनता की जेब में जरूरत का सामान खरीदने के लिए पर्याप्त धन ही नहीं बचा है। अखिलेश यादव ने तर्क दिया कि जब तक लोगों के पास खर्च करने के लिए पैसे नहीं होंगे, तब तक बाजार फल-फूल नहीं सकते।
बाजारों को दोबारा जीवंत और गुलजार बनाने के लिए यह जरूरी है कि आम आदमी की क्रय शक्ति बढ़े, लेकिन मौजूदा व्यवस्था में लोगों को पर्याप्त कमाई के अवसर ही नहीं दिए जा रहे हैं। उन्होंने अपनी बात समाप्त करते हुए कहा कि वर्तमान परिस्थितियों से राज्य का किसान और व्यापारी वर्ग दोनों ही बेहद नाखुश और आहत हैं।
Location : Lucknow
Published : 20 October 2026, 3:15 PM IST